दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 'हॉस्टल डेज' नामक बॉयज पीजी की पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें करीब 50 छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका है. इस दर्दनाक हादसे के बाद अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) आकर बताएंगे कि यह हादसा कैसे हुआ?
दीपके ने देश में बुनियादी ढांचे की बदहाली पर दुख जताते हुए पूछा कि आखिर कब तक छात्रों को लापरवाही की कीमत चुकानी पड़ेगी? उन्होंने कहा कि उचित देखभाल और मदद के अभाव में देश के आदिवासी छात्र भी अपने क्षेत्रों में सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने पीएम मोदी से इस तरह की घटनाओं पर जवाब देने की मांग की.
Yesterday, the PM visited DU, gave a political speech and even invoked the term “Dimagi Naxal,” while speaking very little about the state of our educational infrastructure.
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) September 6, 2026
Today, a hostel building in South Campus has collapsed, with students feared trapped under the debris.…
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इस घटना की तुलना साकेत हादसे जैसी पिछली त्रासदियों से करते हुए एमसीडी पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी के बिल्डिंग विभाग में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के तबादले का रेट 1.25 करोड़ रुपये है. उनके मुताबिक, विभागों में फैले भ्रष्टाचार की वजह से ऐसे हादसे रुक नहीं रहे हैं.
वहीं, कांग्रेस पार्टी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए चिंता जताई कि प्रभावितों में अधिकांश दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र हैं. पार्टी ने सरकार से युद्ध स्तर पर बचाव कार्य चलाने की अपील की है. कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं.
घटनास्थल पर एनडीआरएफ (NDRF), दिल्ली फायर सर्विस और डीडीएमए की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं. मलबे से 6-7 छात्रों को सुरक्षित निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं, एम्स (AIIMS) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराए गए तीन छात्रों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.