menu-icon
India Daily

World Digestive Health Day: बार-बार पेट में हो रही परेशानी, बड़े खतरे की चेतावनी तो नहीं?

हर साल आज के दिन विश्व पाचन स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस दिन भागदौड़ के जीवन में व्यस्त लोगों को पाचन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाता है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
World Digestive Health Day: बार-बार पेट में हो रही परेशानी, बड़े खतरे की चेतावनी तो नहीं?
Courtesy: Pinterest

पूरी दुनिया में हर साल आज के दिन यानी 29 मई को विश्व पाचन स्वास्थ्य दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस दिन का खास उद्देश्य पाचन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को आंतों के स्वास्थ्य को गंभीरता से लेने के लिए जागरूक करना है.

इस दिन को खास तौर पर मनाने के पीछे का उद्देश्य पाचन संबंधी विकारों की रोकथाम, शीघ्र निदान और बेहतर समझ विकसित करना है. इन समस्याओं की वजह से हर साल लाखों लोग प्रभावित होते हैं.

क्या है डॉक्टर की राय?

इस साल विश्व पाचन स्वास्थ्य दिवस 2026 का विषय 'लगातार दस्त के लक्षणों को नजरअंदाज न करें' है. यह अभियान लगातार बने रहने वाले पाचन लक्षणों को जल्दी पहचानने और आंत संबंधी समस्याओं पर ज्यादा से ज्यादा चर्चा करने के लिए  प्रोत्साहित करता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इरिटेबल बाउल सिंड्रोम और अल्सरेटिव कोलाइटिस जैसी स्थितियां अक्सर बिना निदान के रह जाती हैं क्योंकि कई लोग इसकी चेतावनी को समझ ही नहीं पाते हैं. लोगों को कभी-कभार पेट में होने वाली परेशानी सामान्य लग सकती है, लेकिन लगातार बने रहने वाले लक्षण आंत से संबंधित गंभीर समस्याओं का संकेत हो सकते हैं. जिनका इलाज जरूरी है.

इन चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत

आप सही समय पर सही इलाज करवा पाएं, इसके लिए कुछ खास चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है. जैसे कि अगर आपको बार-बार पेट में दर्द की समस्या होती है और लंबे समय तक बनी रहती है, तो यह कोई आम समस्या नहीं बल्कि किसी बड़े खतरे की चेतावनी हो सकती है. इसके अलावा बार-बार कब्ज या दस्त महसूस होने के पीछे आपके आंतों में सूजन या संक्रमण की समस्या हो सकती है.

अगर यह समस्या कई  दिनों तक बनी रहे तो डॉक्टर की सलाह जरूरी है. कई लोग खाना कम खाते हैं, फिर भी उनका पेट फूला रहता है. अगर यह कभी-कभी होता है तो पाचन संबंधी समस्या हो सकती है. वहीं अगर यह लगातार फूला रहता है तो फिर सावधान हो जाने की जरूरत है. इसके अलावा अगर बार-बार सीने में जलन या फिर एसिड रिफ्लक्स की समस्या हो रही है तो आपको तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए. इसके अलावा मल में खून आना या फिर बार-बार भूख लगना या बिल्कुल भूख महसूस न  होना भी खतरे की घंटी हो सकती है. इन चेतावनियों पर समय रहते ध्यान देना चाहिए.