menu-icon
India Daily

शरीर में जहर बना रहा है गर्मी में राहत देने वाला 'गन्ने का जूस'! इन लोगों को करना चाहिए परहेज

गर्मी में गन्ने का जूस पीना आम बात है लेकिन हर किसी के लिए यह फायदेमंद नहीं होता. डॉक्टरों का कहना है कि कुछ लोगों को इससे दूरी बनानी चाहिए वरना सेहत बिगड़ सकती है.

babli
Edited By: Babli Rautela
शरीर में जहर बना रहा है गर्मी में राहत देने वाला 'गन्ने का जूस'! इन लोगों को करना चाहिए परहेज
Courtesy: Pinterest

मुंबई: गर्मी का मौसम आते ही ठंडे और ताजगी देने वाले पेय पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में गन्ने का जूस लोगों की पहली पसंद बन जाता है. सड़क किनारे लगे जूस के ठेले हों या बाजार, हर जगह लोग इसे पीते नजर आते हैं. यह जूस शरीर को ठंडक देने के साथ तुरंत एनर्जी भी देता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि क्या गन्ने का जूस हर किसी के लिए फायदेमंद होता है. क्या इसे ज्यादा पीने से नुकसान भी हो सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि, कुछ लोगों को इस जूस से दूरी बनानी चाहिए, क्योंकि यह उनकी सेहत पर उल्टा असर डाल सकता है.

गन्ने का जूस प्राकृतिक मिठास से भरपूर होता है और इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं. यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और गर्मी से राहत देता है. इसमें मौजूद मिनरल्स और फाइबर शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं. लेकिन यही नेचुरल शुगर कुछ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है.

डायबिटीज मरीजों के लिए खतरा

डॉक्टरों का कहना है कि जिन लोगों को डायबिटीज है और उनका शुगर लेवल अक्सर बढ़ा रहता है, उन्हें गन्ने का जूस पीने से बचना चाहिए. इस जूस में नेचुरल शुगर की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर में जाकर तेजी से ग्लूकोज लेवल बढ़ा सकती है. इससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ने का खतरा रहता है, जो डायबिटीज मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. अगर कोई डायबिटीज मरीज इसे पीना चाहता है तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

मोटापे से परेशान लोग भी रहें सावधान

जिन लोगों का वजन ज्यादा है या जो मोटापे से जूझ रहे हैं, उन्हें भी गन्ने के जूस का सेवन सोच समझकर करना चाहिए. इसमें कैलोरी की मात्रा अधिक होती है और यह शरीर में जाकर जल्दी शुगर में बदल जाता है. इससे वजन बढ़ने की संभावना रहती है. हालांकि, अगर किसी का शुगर लेवल कंट्रोल में है और वह किसी विशेष दवा पर नहीं है, तो हफ्ते में एक बार सीमित मात्रा में इसका सेवन किया जा सकता है.

जिन लोगों को पेट से जुड़ी समस्याएं रहती हैं जैसे गैस, अपच या पेट दर्द, उन्हें भी गन्ने का जूस पीने से बचना चाहिए. यह जूस कुछ मामलों में पाचन तंत्र पर असर डाल सकता है और समस्याओं को बढ़ा सकता है. खासतौर पर अगर यह जूस साफ सफाई का ध्यान रखे बिना तैयार किया गया हो तो संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है.

कितना और कैसे पीना है फायदेमंद

जो लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं, उन्हें भी गन्ने का जूस सीमित मात्रा में ही पीना चाहिए. ज्यादा मात्रा में इसका सेवन शरीर में शुगर और कैलोरी बढ़ा सकता है. इसके अलावा खाली पेट गन्ने का जूस पीने से बचना चाहिए. इससे शरीर पर अचानक शुगर का असर पड़ सकता है. हमेशा साफ जगह से ताजा जूस ही पिएं और बर्फ या पानी की गुणवत्ता का भी ध्यान रखें.