menu-icon
India Daily

क्या स्विमिंग पूल की क्लोरीन पहुंचा रही है आपकी स्किन और बालों को नुकसान? जानें विशेषज्ञों की राय

गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग लगभग हर दिन स्विमिंग करते हैं. लेकिन ऐसा करने की वजह से आपकी स्किन और बाल खराब हो सकते हैं. इससे बचने के लिए कुछ खास उपाय का अपनाना जरूरी है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
क्या स्विमिंग पूल की क्लोरीन पहुंचा रही है आपकी स्किन और बालों को नुकसान? जानें विशेषज्ञों की राय
Courtesy: Pinterest

गर्मियों में तैराकी न केवल शारीरिक व्यायाम का बेहतरीन तरीका है, बल्कि यह आपके हृदय स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है. लेकिन हर दिन पूल में तैरने वाले लोगों को एक छिपे खतरे का भी सामना करना पड़ता है, जिसे क्लोरीन कहते हैं. हालांकि क्लोरीन पानी को साफ और बैक्टीरिया मुक्त रखता है, लेकिन इसका बार-बार संपर्क त्वचा और बालों दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.

डॉक्टरों का मानना है कि क्लोरीन त्वचा के प्राकृतिक तेलों को छीन लेता है, जिससे त्वचा रूखी, खुजली वाली और संवेदनशील हो जाती है. वहीं बाल भी कमजोर, बेजान और दोमुंहे हो जाते हैं. इसके अलावा जिनकी स्किन सेंसीटिव होती है, उन्हें एक्जिमा की भी समस्या हो सकती है. इसलिए त्वचा और बालों की खास देखभाल जरूरी है.

क्या है डॉक्टर की सलाह?

डॉक्टरों का कहना है कि अगर पूल में उतरने से पहले थोड़ी सी सावधानी बरती जाए तो क्लोरीन के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है. सबसे पहली और जरूरी बात पूल में जाने से पहले साफ पानी से शरीर और बालों को अच्छी तरह धो लें. इससे त्वचा और बाल पहले से गीले हो जाते हैं, जिससे वे क्लोरीन युक्त पानी कम सोख पाते हैं. इसके बाद फिर हल्का वॉटर-रेजिस्टेंट मॉइस्चराइजर लगाएं. यह त्वचा पर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है और रूखेपन तथा जलन को रोकता है. बालों के लिए लीव-इन कंडीशनर या सिलिकॉन आधारित हेयर सीरम लगाना सही होता है. डॉक्टर की सलाह है कि बाल स्पंज की तरह काम करते हैं, इसलिए उन्हें पहले गीला कर लेने से क्लोरीन का अवशोषण कम होता है.

इन बातों का रखें ध्यान

नियमित तैराकों के लिए स्विम कैप पहनना सबसे आसान और प्रभावी उपाय है. इससे बालों का क्लोरीन से सीधा संपर्क कम हो जाता है. डॉक्टरों का कहना है कि पूल से बाहर आने के बाद तुरंत ताजे पानी से नहाना सबसे महत्वपूर्ण कदम है. इससे त्वचा और बालों पर जमा क्लोरीन के अवशेष धुल जाते हैं. उसके तुरंत बाद अच्छा पोषण देने वाला कंडीशनर लगाएं, जो बालों में नमी वापस लाए और रूखेपन को कम करे. इसके अलावा अगर आप आउटडोर पूल में स्विमिंग कर रहे हैं तो अच्छी सनस्क्रीन लगाएं.