मुंबई: पवन कल्याण की मोस्टअवेटेड फिल्म उस्ताद भगत सिंह सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा में आ गई. फिल्म को हरिश शंकर ने डायरेक्ट किया है और इसमें श्रीलीला, राशि खन्ना और आर पार्थिबन जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं. यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई और तेलुगु राज्यों में इसे रणवीर सिंह की धुरंधर 2 से कड़ी टक्कर मिली है.
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन यानी गुरुवार को शानदार शुरुआत करते हुए 34.75 करोड़ की कमाई की है. इसके बाद शुक्रवार को कलेक्शन में बड़ी गिरावट आई और फिल्म ने 9 करोड़ कमाए हैं. शनिवार को फिल्म ने थोड़ी रिकवरी दिखाई और 9.15 करोड़ का कलेक्शन किया. तीन दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 52.90 करोड़ तक पहुंच गया है, जिससे यह 50 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है.
शनिवार को फिल्म लगभग 3340 शो में चली और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 36 प्रतिशत रही. हालांकि शुक्रवार के मुकाबले इसमें मामूली बढ़त जरूर देखने को मिली, लेकिन यह उम्मीद के मुताबिक बड़ी छलांग नहीं लगा पाई.
उस्ताद भगत सिंह का प्रदर्शन पवन कल्याण की पिछली फिल्मों के मुकाबले कमजोर नजर आ रहा है. इससे पहले एक्टर की हरि हरा वीरा मल्लू ने तीन दिनों में 64.65 करोड़ की कमाई की थी. वहीं They Call Him OG ने इसी अवधि में 121.70 करोड़ का आंकड़ा छू लिया था. इन आंकड़ों के मुकाबले उस्ताद भगत सिंह की कमाई काफी पीछे है.
दिलचस्प बात यह है कि कागजों पर उस्ताद भगत सिंह ने तेलुगु भाषा में धुरंधर 2 से ज्यादा कमाई की है. लेकिन यहां एक बड़ा अंतर है. धुरंधर 2 ने कम शो के बावजूद अच्छी कमाई की, जबकि उस्ताद भगत सिंह ज्यादा शो के बावजूद उतनी मजबूत पकड़ नहीं बना पाई. इससे साफ है कि फिल्म को दर्शकों से मिले जुले रिएक्शन मिल रहे हैं.
उस्ताद भगत सिंह एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें पवन कल्याण एक दमदार किरदार में नजर आते हैं. फिल्म में Sreeleela और Raashii Khanna भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म तमिल सुपरहिट फिल्म Theri का रूपांतरण है. फिल्म का संगीत देवी श्री प्रसाद ने दिया है, जबकि बैकग्राउंड स्कोर थमन एस ने तैयार किया है.