उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विकास के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों में उत्तराखंड ने विकास और जनसुविधाओं के हर क्षेत्र ऊंचाई हासिल की है. राज्य में जी-20 समिट, ग्लोबल इन्वेस्टर समिट और राष्ट्रीय खेलों जैसे बड़े आयोजन सफलतापूर्वक कराए गए. एमबी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर निशाना साधा.
धामी ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 3.76 लाख करोड़ से ज्यादा के समझौते हुए. इनमें से एक लाख करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं. सरकार की ओर से 20 हजार से ज्यादा नए उद्योग लगाए गए हैं. इसके अलावा लखपति दीदी योजना से 2.65 लाख महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुईं.
सीएम ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के समय भ्रष्टाचार का बोलबाला था. उन्होंने कहा कि पटवारी, दारोगा भर्ती घोटाले, एनएच, शराब और राहत सामग्री घोटाले हुए है. लेकिन कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों पर ही की गई. हालांकि अब राज्य में जीरो टॉलरेंस नीति लागू है, जिसके तहत छोटा-बड़ा किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा कि नकल माफिया पर सख्त कानून लाया गया है और 100 से ज्यादा लोगों को जेल भेजा गया. चार साल में 30 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली. यह पिछली सरकारों से चार गुना ज्यादा है. उन्होंने बताया कि स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1700 हो गई. हेलीपोर्ट दो से 12 और हेलीपैड 60 से 112 हो गए हैं. राज्य में बिजली उत्पादन तीन गुना बढ़ गया है.
उत्तराखंड की उपलब्धियों के बारे में गिनवाते हुए उन्होंने कहा कि होटलों में 25 प्रतिशत और होमस्टे में पांच प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी हुई. शीतकालीन पर्यटन से नई संभावनाएं खुलीं. राष्ट्रीय खेलों में 100 से ज्यादा मेडल जीतकर सातवां स्थान मिला. उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. बजट एक लाख करोड़ पार हो गया और जीएसटी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की. अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना बढ़ गई है. रिवर्स पलायन से सूने घर भी आबाद हुए हैं. समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से सामाजिक न्याय मजबूत हुआ है. उन्होंने इन सभी उपलब्धियों के लिए केंद्र सरकार यानी मोदी सरकार का भी धन्यवाद किया.