मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने एक बार फिर इंसानियत की मिसाल पेश की है. पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान तनाव और इजरायल-ईरान संघर्ष के कारण दुबई में सैकड़ों यात्री फंस गए हैं. फ्लाइट्स कैंसल होने और हवाई क्षेत्र बंद होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ऐसे में सोनू सूद ने मदद का हाथ बढ़ाया है और दुबई में फंसे लोगों को मुफ्त में सुरक्षित ठहरने की जगह देने का ऐलान किया है.
गुरुवार को सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक वीडियो शेयर किया. वीडियो में उन्होंने कहा- 'युद्ध की वजह से दुबई में कई यात्री फंस गए हैं. अगर आपके पास या आपके किसी जानने वाले के पास रहने की जगह नहीं है, तो हम मुफ्त में सुरक्षित आवास उपलब्ध करवा रहे हैं. कोई राष्ट्रीयता नहीं, कोई शर्त नहीं, सिर्फ इंसानियत. अगर आपको मदद चाहिए तो इंस्टाग्राम पर हमें डीएम करें. @dugastaproperties को भी मैसेज कर सकते हैं. कृपया इसे शेयर करें ताकि जरूरतमंद तक यह पहुंचे.'
वीडियो में सोनू ने आगे कहा- 'दुबई में फंसे किसी भी व्यक्ति को, चाहे वे हमारे भारतीय भाई हों या किसी अन्य देश के नागरिक, हम फ्री में ठहरने की व्यवस्था करेंगे. जब तक आप अपने देश वापस नहीं लौट जाते, तब तक आप सुरक्षित रहेंगे. चिंता मत कीजिए, हम आपकी मदद करेंगे. जय हिंद, भगवान सबका भला करे.'
यह पहली बार नहीं है जब सोनू सूद ने मुश्किल समय में लोगों की सहायता की हो. कोरोना काल में उन्होंने हजारों मजदूरों को घर पहुंचाया था. पंजाब में बाढ़ के दौरान भी उन्होंने राहत कार्य किए. अब दुबई संकट में भी उन्होंने बिना किसी भेदभाव के मदद का वादा किया है. उनकी इस पहल से जुड़े डेवलपर डुगास्टा प्रॉपर्टीज के साथ मिलकर वे आवास की व्यवस्था कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने सोनू सूद की तारीफों के पुल बांध दिए हैं. एक यूजर ने लिखा- 'आपकी इंसानियत को सलाम. आप सच्चे हीरो हैं, फिल्मी हीरो नहीं.' दूसरे ने कहा- 'आपकी दयालुता को सलाम. ऐसे लोग ही इंसानियत पर भरोसा जगाते हैं.' एक अन्य कमेंट था, 'कोई राष्ट्रीयता नहीं, सिर्फ इंसानियत. दुनिया को ऐसे और लोगों की जरूरत है.'