menu-icon
India Daily

रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा के वेडिंग रिसेप्शन में क्यों नंगे पैर पहुंचा ये एक्टर?

हैदराबाद में हुए रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के वेडिंग रिसेप्शन में राम चरण नंगे पैर पहुंचे. सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी चर्चा हुई. दरअसल एक्टर सबरीमाला मंदिर की तीर्थ यात्रा के लिए व्रत कर रहे हैं, जिसकी वजह से वह नंगे पैर रहते हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा के वेडिंग रिसेप्शन में क्यों नंगे पैर पहुंचा ये एक्टर?
Courtesy: facebook

मुंबई: 5 मार्च 2026 को हैदराबाद में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के वेडिंग रिसेप्शन ने खूब सुर्खियां बटोरीं. इस खास मौके पर साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल हुए. रिसेप्शन में सितारों की लंबी सूची देखने को मिली. लेकिन इस पूरे कार्यक्रम में एक खास चीज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वह थे सुपरस्टार राम चरण जो इस इवेंट में नंगे पैर पहुंचे. जैसे ही उनकी तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई.

राम चरण इस रिसेप्शन में अपनी पत्नी उपासना कामिनेनी के साथ पहुंचे. दोनों का अंदाज बेहद सादा और क्लासी नजर आया. जहां उपासना ने पारंपरिक अंदाज में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई वहीं राम चरण ऑल ब्लैक लुक में दिखाई दिए. हालांकि उनके लुक से ज्यादा लोगों का ध्यान इस बात ने खींचा कि वह बिना जूते चप्पल के यानी नंगे पैर कार्यक्रम में पहुंचे थे.

सबरीमाला यात्रा के लिए रख रहे हैं व्रत

राम चरण के नंगे पैर आने के पीछे एक खास धार्मिक कारण है. दरअसल अभिनेता इन दिनों केरल के सबरीमाला मंदिर की तीर्थ यात्रा के लिए व्रत रख रहे हैं. भगवान अयप्पा के भक्त इस यात्रा से पहले लगभग तीस से इकतालीस दिनों तक व्रत रखते हैं. इस दौरान उन्हें कई नियमों का पालन करना होता है. व्रत के दौरान भक्त काले या केसरिया रंग के कपड़े पहनते हैं. साथ ही पूरी तरह शाकाहारी भोजन करते हैं और साधारण जीवनशैली अपनाते हैं. इस व्रत का एक महत्वपूर्ण नियम यह भी है कि भक्त विनम्रता और श्रद्धा के प्रतीक के रूप में नंगे पैर चलते हैं. इसी कारण राम चरण भी इस दौरान जूते चप्पल नहीं पहनते.

पहले भी कई बार नंगे पैर आ चुके हैं नजर

राम चरण भगवान अयप्पा के बड़े भक्त माने जाते हैं. इसलिए उन्हें पहले भी कई बार नंगे पैर देखा गया है. साल 2022 में भी एक्टर ने एक मन्नत के चलते 41 दिनों का व्रत रखा था. उस दौरान भी वह कई कार्यक्रमों में नंगे पैर नजर आए थे. इतना ही नहीं साल 2023 में जब उनकी फिल्म आरआरआर ऑस्कर के लिए नामांकित हुई थी तब भी उन्हें हैदराबाद एयरपोर्ट पर नंगे पैर देखा गया था. उस समय भी वह धार्मिक व्रत का पालन कर रहे थे.

राम चरण इन दिनों अपने परिवार की खुशियों को लेकर भी चर्चा में हैं. 31 जनवरी 2026 को राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कामिनेनी जुड़वां बच्चों के माता पिता बने. उनके घर एक बेटा और एक बेटी का जन्म हुआ. इससे पहले साल 2023 में भी इस जोड़े ने अपनी बेटी क्लिन कारा का स्वागत किया था.