menu-icon
India Daily

इंडिया-वेस्टइंडीज के करो या मरो मैच के बावजूद नहीं रूकी 'केरला स्टोरी-2', कमाई में तीसरे दिन इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

कॉन्ट्रोवर्सी और धीमी ओपनिंग के बाद द केरला स्टोरी 2 ने वीकेंड पर शानदार वापसी की है. तीसरे दिन फिल्म ने कुल 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
इंडिया-वेस्टइंडीज के करो या मरो मैच के बावजूद नहीं रूकी 'केरला स्टोरी-2', कमाई में तीसरे दिन इन फिल्मों को छोड़ा पीछे
Courtesy: Social Media

मुंबई: काफी चर्चा और विवाद के बीच रिलीज हुई द केरला स्टोरी 2 ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन उम्मीद से काफी कम कमाई की थी. दर्शकों में यह भी भ्रम था कि फिल्म वास्तव में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है या नहीं. इसी असमंजस का असर इसकी ओपनिंग पर साफ नजर आया. पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 75 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जो बड़े बैनर और चर्चित विषय वाली फिल्म के लिए बेहद कम माना गया.

हालांकि शनिवार से फिल्म की किस्मत बदलती नजर आई. दूसरे दिन फिल्म ने जोरदार उछाल दिखाते हुए 4.65 करोड़ रुपये की कमाई की. रविवार को भी यह रफ्तार बरकरार रही और फिल्म ने करीब 5 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया. इस तरह तीन दिनों में कुल कमाई 10.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.

तीसरे दिन द केरला स्टोरी का कलेक्शन

ट्रेड रिपोर्ट के अनुसार अगर फिल्म की ओपनिंग बेहतर होती तो पहला वीकेंड 15 करोड़ रुपये के आसपास जा सकता था. फिर भी मौजूदा हालात को देखते हुए 10 करोड़ पार करना फिल्म के लिए राहत की खबर है.  फिल्म के निर्माता विपुल शाह की यह फिल्म अपनी पहली किस्त की तुलना में अभी पीछे चल रही है. पहली फिल्म ने पहले वीकेंड में 35.43 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था. उस फिल्म में अदा शर्मा मुख्य भूमिका में थीं और उसे दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला था.

बजट के हिसाब से कैसी है कमाई

रिपोर्ट के मुताबिक द केरला स्टोरी 2 का बजट करीब 28 से 30 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है. ऐसे में पहले वीकेंड में 10.40 करोड़ रुपये की कमाई को ठीक ठाक शुरुआत माना जा सकता है. लेकिन असली परीक्षा अब शुरू होगी. फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने के लिए सोमवार को स्थिर प्रदर्शन करना होगा. आमतौर पर वीकेंड के बाद फिल्मों की कमाई में गिरावट आती है. अगर द केरला स्टोरी 2 मंडे टेस्ट पास कर लेती है और वीकडेज में भी अच्छी कमाई जारी रखती है तो यह अपने बजट की भरपाई करने की दिशा में मजबूत कदम होगा.

कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया, ऐश्वर्या ओझा, सुमित गहलावत, अर्जन सिंह औजला और युक्तम खोसला मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर भी दर्शकों की राय अलग अलग रही है.