menu-icon
India Daily

बॉक्स ऑफिस पर 'Spider-Man: Brand New Day' का जलवा, ओपनिंग वीकेंड में कमाई के तोड़े रिकॉर्ड

‘Spider-Man: Brand New Day’ ने ओपनिंग वीकेंड में दुनिया भर में 927 मिलियन डॉलर की कमाई की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
बॉक्स ऑफिस पर 'Spider-Man: Brand New Day' का जलवा, ओपनिंग वीकेंड में कमाई के तोड़े रिकॉर्ड
Courtesy: X

मार्वल और सोनी की नई फिल्म ‘Spider-Man: Brand New Day’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है. टॉम हॉलैंड की इस फिल्म ने दुनियाभर में शानदार कमाई करते हुए कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए और साल की सबसे बड़ी फिल्मों में अपनी जगह बना ली.

ओपनिंग वीकेंड में ऐतिहासिक कमाई

‘Spider-Man: Brand New Day’ ने अपने पहले वीकेंड में उत्तरी अमेरिका के सिनेमाघरों से 355 मिलियन डॉलर की कमाई की. यह आंकड़ा 2019 में रिलीज हुई ‘Avengers: Endgame’ के रिकॉर्ड से केवल 2 मिलियन डॉलर कम रहा. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी फिल्म को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और वहां से 573 मिलियन डॉलर की कमाई हुई. इस तरह फिल्म की कुल ओपनिंग वीकेंड कमाई करीब 927 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई. इसके साथ ही यह फिल्म अब तक की दूसरी सबसे बड़ी ग्लोबल बॉक्स ऑफिस ओपनिंग वाली फिल्म बन गई.

उम्मीदों से आगे निकली फिल्म

फिल्म ने रिलीज से पहले किए गए सभी अनुमान पीछे छोड़ दिए. इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स ने इसके पहले वीकेंड में 280 से 300 मिलियन डॉलर तक की कमाई का अनुमान लगाया था लेकिन फिल्म ने उससे कहीं बेहतर प्रदर्शन किया. दर्शकों और समीक्षकों ने भी फिल्म को खूब पसंद किया. रॉटन टोमैटोज पर इसे 90 प्रतिशत क्रिटिक स्कोर और 98 प्रतिशत ऑडियंस स्कोर मिला है. वहीं सिनेमास्कोर ने फिल्म को ‘A’ ग्रेड दिया है, जो दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया को दिखाता है. इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि स्पाइडर-मैन फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता पहले जैसी ही मजबूत बनी हुई है.

कई रिकॉर्ड किए अपने नाम

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही इतिहास रच दिया. शुक्रवार को इसने 168 मिलियन डॉलर की कमाई करते हुए ‘Avengers: Endgame’ के पहले दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. शनिवार को भी फिल्म ने 101.5 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो इतिहास के सबसे बड़े शनिवार कलेक्शन में शामिल है. इस शानदार प्रदर्शन के साथ यह सोनी पिक्चर्स के इतिहास का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड बन गया. मार्वल स्टूडियोज़ के खाते में अब दुनिया की चार सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में ‘Avengers: Endgame’, ‘Spider-Man: Brand New Day’, ‘Spider-Man: No way Home’ और ‘Avengers: Infinity War’ शामिल हो चुकी हैं.