menu-icon
India Daily

सोनू निगम का दिल्ली कांसर्ट स्थगित, छात्रों के NEET पेपर लीक मामले पर चल रहे विरोध प्रदर्शन का असर

सोनू निगम ने दिल्ली में होने वाले अपने आगामी कांसर्ट को स्थगित कर दिया है. छात्रों के NEET पेपर लीक मामले पर चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है.

antima
Edited By: Antima Pal
सोनू निगम का दिल्ली कांसर्ट स्थगित, छात्रों के NEET पेपर लीक मामले पर चल रहे विरोध प्रदर्शन का असर
Courtesy: X

Sonu Nigam Delhi Concert Postponed: बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम ने दिल्ली में होने वाले अपने आगामी कांसर्ट को स्थगित कर दिया है. छात्रों के NEET पेपर लीक मामले पर चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है. सोनू निगम ने एक इंटरव्यू में कहा- 'वर्तमान माहौल को ध्यान में रखते हुए कांसर्ट को स्थगित कर दिया गया है.' उनका यह कदम काफी चर्चा में है क्योंकि कुछ दिन पहले ही वे इस मुद्दे पर बोलने से बच गए थे.

कब और कहां था कांसर्ट?

सोनू निगम का कांसर्ट 'BOSSitivity – Sonu Nigam Remembers Rafi' 25 जुलाई 2026 को द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में होने वाला था. अब इसकी टिकटें सिर्फ 15 अगस्त के लिए उपलब्ध हैं. प्रशंसक पहले से ही इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे क्योंकि इसमें उन्होंने मोहम्मद रफी साहब को श्रद्धांजलि देते हुए उनके गीत गाने वाले थे.

दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है. सड़कों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और युवा अपनी मांगों को लेकर सरकार से जवाब चाहते हैं. इस संवेदनशील माहौल में बड़े-बड़े सेलिब्रिटी भी इस मुद्दे पर अपनी राय दे रहे हैं. ऐसे में सोनू निगम का कांसर्ट टालना कई लोगों को सही कदम लग रहा है.

सोनू ने सवाल से किया किनारा

कुछ दिन पहले एक इवेंट में जब सोनू निगम से छात्र आंदोलन पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा- 'मैं यहां किस लिए आया हूं? बस.' उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कुछ लोगों ने उन्हें इस मुद्दे पर चुप रहने के लिए आलोचना भी की, जबकि कुछ ने कहा कि हर कलाकार को हर मुद्दे पर बोलना जरूरी नहीं है. अब कांसर्ट स्थगित करने के फैसले के बाद सोनू का यह बयान फिर से चर्चा में आ गया है.