ओडिशा की रहने वाली श्रिया लेंका दक्षिण कोरियाई म्यूजिक ग्रुप 'ब्लैकस्वान' में शामिल होकर भारत की पहली के-पॉप स्टार बन गई हैं. झारसुगुड़ा के एक एक मिडिल क्लास परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक इंडस्ट्री तक पहुंचने का उनका यह सफर संघर्ष, रिजेक्शन और कड़ी मेहनत से भरा रहा है.
श्रिया का जन्म राउरकेला में हुआ था और उनका पालन-पोषण ओडिशा के झारसुगुड़ा में हुआ है. उन्होंने बचपन में ओडिसी डांस सीखा और बाद में फ्रीस्टाइल डांस में उनकी दिलचस्पी बढ़ी. चूंकि उनके घर के आसपास कोई अच्छा ट्रेनर नहीं था इसलिए उनके पिता हर वीकेंड उन्हें प्रैक्टिस के लिए राउरकेला ले जाते थे. परिवार को अक्सर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था और कई बार तो ट्रेन टिकट के लिए भी पैसे नहीं होते थे. श्रिया बताती हैं कि उनके पिता उन्हें भीड़भाड़ वाले ट्रेन के डिब्बों में गोद में उठाकर ले जाते थे ताकि उनका डांस सीखना न छूटे.
के-पॉप में आने से पहले श्रिया ने कई भारतीय रियलिटी शोज और बड़े डांस कॉम्पटीशन्स के लिए ऑडिशन दिए थे. हालांकि वे कई बार शुरुआती राउंड पास कर लेती थीं लेकिन फाइनल राउंड में पहुंचकर वे करीब 40 बार रिजेक्ट हुईं. उन्होंने बताया कि कई शोज टैलेंट से ज्यादा इमोशनल कहानियों पर ध्यान देते थे. इसके बावजूद उनके पिता ने हमेशा उन्हें सहानुभूति के बजाय अपने हुनर के दम पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
साल 2020 में कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान श्रिया की डांस क्लास बंद हो गईं और उनके पिता की प्राइवेट नौकरी भी छूट गई. उन्होंने डांस छोड़ने का मन बना लिया था लेकिन पिता ने उनका हौसला बढ़ाया. इसी बीच उनकी एक सहेली ने उन्हें 'ब्लैकस्वान' ग्रुप के ऑनलाइन ऑडिशन के बारे में बताया जो नए मेंबर की तलाश कर रहे थे.
श्रिया ने इस प्रतियोगिता के लिए दिन-रात एक कर दिया. वे रोज करीब आठ घंटे गाने का रियाज करती थीं और छह घंटे डांस सुधारने में लगाती थीं. उन्होंने देर रात तक कोरियाई गाने सुन-सुनकर कोरियन भाषा और उसका उच्चारण सीखा. दुनिया भर के लगभग 40,000 आवेदकों के बीच मुकाबला करते हुए उन्होंने ऑनलाइन ऑडिशन के चारों राउंड क्लियर कर लिए.
मई 2022 में श्रिया आधिकारिक तौर पर ब्लैकस्वान का हिस्सा बन गईं और भारत की पहली के-पॉप आइडल के रूप में इतिहास रच दिया. 18 साल की उम्र में साउथ कोरिया जाने के बाद वे एक बेहद कड़े ट्रेनिंग शेड्यूल से गुजरीं जिसमें भाषा सीखना, सख्त डाइट प्लान, सिंगिंग प्रैक्टिस और घंटों डांस रिहर्सल शामिल था. आज श्रेया ब्लैकस्वान के साथ इंटरनेशनल लेवल पर परफॉर्म करती हैं और उनका यह सफर युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है. जहां कभी उन्हें 40 बार रिजेक्शन झेलना पड़ा था वहीं अब वह एक शो का 6 लाख रुपये चार्ज करती हैं.