बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर का एक भावुक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फिल्म 'जोश' और 'दस्तक' में अपनी शानदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले शरद कपूर इस वीडियो में अपने आंसू रोकते नजर आ रहे हैं. दरअसल, उन्हें अपने चार पालतू कुत्तों से कुछ समय के लिए अलग होना पड़ा है. अभिनेता इन चारों डॉग्स को अपने बच्चों की तरह मानते हैं. ऐसे में उनसे दूर होते समय उनका दर्द साफ दिखाई दिया.
मुंबई के बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट से जुड़ी सोशल वर्कर और उनकी करीबी दोस्त हेमा चौधरी ने यह वीडियो शेयर किया है. हेमा के मुताबिक, शरद कपूर इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से गुजर रहे हैं और उन्हें खुद भी आराम और देखभाल की जरूरत है.
इसके अलावा उनके घर में पत्नी और एक नवजात बच्चा भी है. चार पालतू कुत्तों की देखभाल के लिए कोई केयरटेकर नहीं होने के कारण परिवार के सामने मुश्किल स्थिति पैदा हो गई थी. इसी वजह से फिलहाल चारों डॉग्स को मुंबई की पशु कल्याण संस्था YODA के सेंटर में अस्थायी रूप से रखा गया है.
अपने पालतू जानवरों से विदा लेते समय शरद कपूर काफी भावुक हो गए. उन्होंने बताया कि जैसे ही वह अपने नए बंगले में शिफ्ट होंगे और घर की परिस्थितियां बेहतर होंगी, वह अपने चारों डॉग्स को वापस ले आएंगे. अभिनेता ने कहा कि वह अपने इन बच्चों के बिना नहीं रह सकते. उन्हें इस बात की भी चिंता है कि उनसे दूर रहने के कारण उनके डॉग्स उदास होंगे. शरद ने जानवरों के प्रति अपने प्यार का जिक्र करते हुए कहा कि किसी के साथ निर्दयी नहीं होना चाहिए और सभी को प्यार देना चाहिए.
हेमा चौधरी ने लोगों से अपील की है कि वे शरद कपूर को लेकर बिना पूरी बात जाने कोई राय न बनाएं. उन्होंने बताया कि वह अभिनेता को करीब 30 साल से जानती हैं और उनकी परिस्थितियों के बारे में जानने के बाद उनसे मिलने पहुंचीं.
हेमा के मुताबिक, यह जानवरों के प्रति क्रूरता का मामला नहीं है, बल्कि परिवार की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया अस्थायी फैसला है. उन्होंने लोगों से अभिनेता को ट्रोल करने के बजाय प्यार और समर्थन देने की अपील की है.
शरद कपूर 90 के दशक के जाने-माने अभिनेताओं में शामिल रहे हैं. फिल्म 'दस्तक' में उनके जुनूनी और नकारात्मक किरदार को काफी चर्चा मिली थी. वहीं, शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' में प्रकाश शर्मा की भूमिका से भी उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा था.