दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के पति और फिल्म निर्माता जयंत मुखर्जी का निधन हो गया है. वह 70 वर्ष से अधिक उम्र के थे. उन्होंने गुरुवार शाम मुंबई के खार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली. बताया गया है कि वह उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थे. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने उनके निधन की पुष्टि की है.
जयंत मुखर्जी दिग्गज संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे. उन्होंने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई. उनके प्रोडक्शन से जुड़ी प्रमुख फिल्मों में 'बीवी और मकान' (1966), 'मजाक' (1975) और 'दो लड़के दोनों कड़के' (1979) शामिल हैं. इनमें से 'मजाक' और 'दो लड़के दोनों कड़के' में मौसमी चटर्जी ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. उन्होंने 1992 में आए टीवी शो 'तलाश' पर भी काम किया था.
मौसमी चटर्जी ने महज 15 साल की उम्र में जयंत मुखर्जी से शादी कर ली थी. एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने अपनी शादी के बारे में बताया था कि उनकी सगाई फिल्म 'बालिका बधू' के बाद हुई थी. इस फिल्म का निर्देशन तरुण मजूमदार ने किया था और यह 1967 में रिलीज हुई थी. मौसमी ने बताया था कि उनके होने वाले ससुर हेमंत कुमार इस फिल्म के संगीतकार थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयंत मुखर्जी की तबीयत काफी समय से खराब थी. वह गंभीर हालत में अस्पताल भी ले जाए गए थे, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए परिवार को उन्हें घर ले जाने की सलाह दी थी. निधन के समय उनकी पत्नी मौसमी और बेटी मेघा उनके साथ मौजूद थीं. वह डायबिटीज से भी पीड़ित थे.
मौसमी और जयंत मुखर्जी को साल 2019 में भी बड़ा दुख झेलना पड़ा था. उनकी बड़ी बेटी पायल का 45 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था. वह टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित थीं और 2017 के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई थी. फिलहाल परिवार की ओर से जयंत मुखर्जी के निधन और अंतिम संस्कार को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.