बॉलीवुड एक्ट्रेस शमिता शेट्टी इन दिनों सोशल मीडिया पर दिए गए अपने बेबाक जवाबों को लेकर चर्चा में हैं. अपनी उम्र और शादी न करने को लेकर लगातार ट्रोल किए जाने के बाद आखिरकार शमिता का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने इंस्टाग्राम पर ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया जो उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर सवाल उठा रहे थे. 47 साल की शमिता शेट्टी ने साफ शब्दों में कहा कि वह अपनी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी रही हैं और समाज की सोच के दबाव में आकर शादी नहीं करना चाहती थीं. उनके इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कई लोग जहां उनकी तारीफ कर रहे हैं वहीं कुछ लोग अब भी उन्हें ट्रोल करने में लगे हुए हैं.
शमिता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ ट्रोल कमेंट्स के स्क्रीनशॉट शेयर किए. एक यूजर ने उनकी उम्र और लुक्स को लेकर लिखा था कि अब उनमें पहले वाली बात नहीं रही. इस कमेंट का जवाब देते हुए शमिता ने बेहद शांत लेकिन मजबूत अंदाज में लिखा कि समय के साथ हर चीज बदलती है और यह जिंदगी का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि बाहरी रूप हमेशा एक जैसा नहीं रहता, लेकिन वह अपनी उम्र के हिसाब से खुद को फिट, हेल्दी और खुश महसूस करती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि भगवान ने उन्हें जो कुछ दिया है, उसके लिए वह दिल से शुक्रगुजार हैं और उनके लिए यही सबसे ज्यादा मायने रखता है.
बता दें की ये विवाद तब से शुरू हुआ जब एक सोशल मीडिया यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि अगर शमिता ने समय पर शादी कर ली होती तो आज उनके बच्चे बड़े हो गए होते. इस बात पर शमिता ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि शादी करके आखिर कौन सा तीर मार लिया है. उन्होंने कहा कि लोगों को यह समझना चाहिए कि हर महिला की जिंदगी का रास्ता अलग होता है और शादी करना या न करना उसका निजी फैसला है.
शमिता ने ट्रोलर्स को फटकार लगाते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ इसलिए सिंगल महिलाओं को फॉलो करते हैं ताकि उनकी उम्र और निजी जिंदगी का मजाक उड़ा सकें. उन्होंने ऐसे लोगों की सोच को दकियानूसी बताया. एक्ट्रेस ने गुस्से में यह भी कहा कि अगर किसी को उनकी जिंदगी से इतनी परेशानी है तो वह उन्हें तुरंत अनफॉलो कर दे.