Shabana Azmi Birthday: शबाना आजमी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रही हैं. बॉलीवुड की इस दिग्गज अभिनेत्री ने पांच दशकों से ज्यादा समय तक सिनेमा को अपनी बेहतरीन अदाकारी से समृद्ध किया है. 18 सितंबर 1950 को हैदराबाद में जन्मी शबाना मशहूर शायर कैफी आजमी की बेटी हैं. पिता की कलम ने साहित्य में नाम कमाया तो बेटी ने पर्दे पर अपनी कला से लाखों दर्शकों के दिल जीत लिए.
शबाना ने अपनी पहली फिल्म से ही नेशनल अवॉर्ड जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था. 1974 में यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह आज भी सबसे ज्यादा नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली अभिनेत्रियों में शुमार हैं. उन्होंने कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं. उनकी कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और उन्होंने शशि कपूर समेत कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया. शशि कपूर उनके क्रश भी हुआ करते थे. दोनों ने 'फकीरा', 'जुनून', 'कलयुग' जैसी फिल्मों में साथ स्क्रीन शेयर की थी.
शबाना की जिंदगी की शुरुआत संघर्षपूर्ण रही. कॉलेज की पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय पेट्रोल पंप पर ब्रू कॉफी बेची. उस दौरान रोजाना महज 30 रुपये कमा पाती थीं. यह बात उनकी मां शौकत आजमी की आत्मकथा में भी दर्ज है.
पर्सनल लाइफ में भी शबाना की कहानी दिलचस्प रही. उन्होंने करीब सात साल तक निर्देशक शेखर कपूर को डेट किया. इसके बाद उनका दिल प्रसिद्ध गीतकार और लेखक जावेद अख्तर पर आ गया. उस समय जावेद हनी ईरानी से शादीशुदा थे. दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने से जावेद की पहली शादी में दरार आ गई. आखिरकार तलाक हुआ और 1984 में जावेद ने शबाना से विवाह कर लिया. जावेद की पहली शादी से दो बच्चे हैं, लेकिन शबाना और जावेद की कोई संतान नहीं हुई. शबाना कभी मां नहीं बन पाईं.
उम्र के इस पड़ाव पर भी शबाना आजमी फिल्मों और थिएटर में सक्रिय हैं. अपनी मजबूत अदाकारी, सामाजिक मुद्दों पर मुखर रुख और सादगी भरे व्यक्तित्व के कारण वह आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं. जन्मदिन पर उनके प्रशंसक उन्हें लंबी और स्वस्थ जिंदगी की दुआएं दे रहे हैं.