मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए. फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर उठे विवाद पर उन्हें सफाई देनी पड़ी. इस गाने में नोरा फतेही भी नजर आ रही हैं. गाने के बोल और वीडियो को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया गया था, जिसके बाद NCW ने संजय दत्त और नोरा फतेही को नोटिस जारी किया था.
संजय दत्त के वकील हेमंत शाह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि संजय दत्त को गाने के बोलों का मतलब नहीं पता था. गाना दूसरी भाषा में रिकॉर्ड किया गया था और वे उस भाषा को नहीं समझते. फिर भी महिलाओं और आयोग का सम्मान करते हुए संजय ने बिना शर्त माफी मांग ली. साथ ही उन्होंने एक अच्छा कदम उठाते हुए 50 लड़कियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का वादा किया है.
VIDEO | Hemant Shah, actor Sanjay Dutt's advocate says, "Sanjay Dutt was not aware of what the lyrics of the song 'Sarke Chunarr Teri' meant as it was recorded in another language that he does not understand. He has apologised and offered to support the education of 50 tribal… pic.twitter.com/NjkniX14RL
— Press Trust of India (@PTI_News) April 27, 2026
यह विवाद मार्च में गाने के रिलीज होते ही शुरू हो गया था. सोशल मीडिया पर लोगों ने गाने के बोल और डांस को लेकर काफी आलोचना की. कई लोगों का कहना था कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है. NCW ने भी इस पर स्वतः संज्ञान लिया और गाने को अश्लील करार दिया. आयोग की चेयरपर्सन विजया रहातकर की अध्यक्षता में सुनवाई हुई, जिसमें महिलाओं की गरिमा को बनाए रखने पर जोर दिया गया.
संजय दत्त ने आयोग के सामने लिखित माफी भी दी. उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था. वकील के मुताबिक संजय दत्त महिलाओं के प्रति सम्मान रखते हैं और इस पूरे मामले में वे जागरूकता बढ़ाने के पक्ष में हैं. गाने को यूट्यूब से पहले ही हटा लिया गया था. यह घटना बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा में महिलाओं के चित्रण को लेकर फिर से बहस छेड़ गई है.