मुंबई: सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' (जिसे पहले 'बैटल ऑफ गलवान' के नाम से जाना जाता था) ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं. फिल्म के तीसरे गाने 'चांद देख लेना' का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसमें सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की दिल छू लेने वाली ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने को मिल रही है. यह टीजर फैंस के बीच खूब पसंद किया जा रहा है और रोमांस के साथ-साथ भावनात्मक गहराई से भरा हुआ है.
टीजर में सॉफ्ट और सुंदर विजुअल्स के जरिए एक आर्मी ऑफिसर (सलमान खान) की जिंदगी दिखाई गई है. यह सिर्फ युद्ध के मैदान पर बहादुरी की बात नहीं करता, बल्कि घर छोड़कर जाने के बाद रिश्तों पर पड़ने वाले असर को भी छूता है. चित्रांगदा सिंह का किरदार पति के इंतजार में मजबूती से खड़ी नजर आती है. चांद यहां एक खास प्रतीक बनता है, जो ईद-उल-फित्र और करवा चौथ जैसे मौकों पर प्यार, भक्ति और जुड़ाव को दर्शाता है.
सलमान ने टीजर शेयर करते हुए लिखा- "मातृभूमि का ये गाना, चांद देख लेना तुम्हें हम नजर आएंगे." यह गाना हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, जबकि इसे निहाल टौरो और अंकोना मुखर्जी ने गाया है. लिरिक्स समीर अंजान के हैं. टीजर करीब 22 सेकंड का है, लेकिन इसमें फिल्म की इमोशनल स्टोरी की झलक साफ दिखती है. फैंस इसे ईद के मौके पर आने वाले रोमांटिक ट्रैक के रूप में देख रहे हैं.
फिल्म का टाइटल हाल ही में बदला गया है. पहले 'बैटल ऑफ गलवान' था, जो 2020 के गलवान वैली क्लैश से प्रेरित था. अब 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' नाम रखा गया है, जिसमें "युद्ध शांति से सो जाए" जैसा संदेश है. यह बदलाव भारत-चीन संबंधों में सुधार के दौर में आया है. नए पोस्टर में भी यही मैसेज दिया गया है, जो आज के समय में काफी प्रासंगिक लगता है. इससे पहले फिल्म का टाइटल ट्रैक 'मातृभूमि' और वैलेंटाइन डे पर रिलीज हुआ 'मैं हूं' को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. टाइटल ट्रैक ने 50 मिलियन से ज्यादा व्यूज पार कर लिए हैं.
अब 'चांद देख लेना' का पूरा गाना जल्द रिलीज होने की उम्मीद है. सलमान खान की यह फिल्म देशभक्ति, बलिदान और प्यार की कहानी है, जिसे अपूर्वा लखिया डायरेक्ट कर रहे हैं. टीजर देखकर लगता है कि यह फिल्म सिर्फ एक्शन नहीं, बल्कि दिल को छूने वाली इमोशंस भी देगी. फैंस उत्सुक हैं कि पूरा सॉन्ग और फिल्म कब आएगी.