menu-icon
India Daily

अचानक बिगड़ी सलीम कुमार की तबीयत, अस्पताल में हुए भर्ती; वेंटिलेटर पर लड़ रहे मौत से जंग

मलयालम सिनेमा के दिग्गज और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सलीम कुमार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

babli
Edited By: Babli Rautela
अचानक बिगड़ी सलीम कुमार की तबीयत, अस्पताल में हुए भर्ती; वेंटिलेटर पर लड़ रहे मौत से जंग
Courtesy: Social Media

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री से एक चिंताजनक खबर सामने आई है. जाने माने एक्टर और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सलीम कुमार को शनिवार सुबह कोच्चि के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी तबीयत अचानक खराब होने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था. फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. सलीम कुमार की तबीयत को लेकर खबर सामने आते ही उनके फैंस और फिल्म जगत में चिंता का माहौल बन गया है. सोशल मीडिया पर भी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

अस्पताल से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सलीम कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इसके बाद परिवार और करीबी लोगों ने उन्हें तुरंत कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है. अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन कहा है कि एक्टर की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर मेडिकल अपडेट बाद में जारी किया जाएगा.

वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं सलीन कुमार

अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक सलीम कुमार को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन अभी जारी नहीं किया गया है. ऐसे में उनके फैंस लगातार उनके स्वास्थ्य से जुड़ी नई जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

सलीम कुमार मलयालम सिनेमा के जाने माने और सम्मानित कलाकारों में गिने जाते हैं. उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं. साल 2010 में उन्हें बेस्ट एक्टर के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. इस उपलब्धि ने उन्हें भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों की सूची में शामिल कर दिया.

फिल्मों से पहले मिमिक्री से जीते दिल

फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले सलीम कुमार रंगमंच और मिमिक्री की दुनिया में सक्रिय थे. उनकी शानदार प्रस्तुति और अलग अंदाज ने उन्हें जल्द ही पहचान दिला दी. उन्होंने साल 1997 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग जगह बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने कई तरह के किरदार निभाए. खासकर कॉमेडी भूमिकाओं में उनकी टाइमिंग और अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया.