रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग केस में धरे गए और 6 आरोपी, यहां जानें अब तक के सारे अपडेट
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग के सिलसिले में छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में अबतक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
मुंबई: मुंबई में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है. इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि सोमवार को छह और आरोपियों को राजस्थान से पकड़ा गया है. इन सभी को मुंबई लाया जा रहा है, जहां उनकी गहन पूछताछ की जाएगी.
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा
घटना की शुरुआत 31 जनवरी 2026 की रात को हुई थी, जब रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर अज्ञात हमलावरों ने कम से कम चार से पांच राउंड फायरिंग की. गोलियां इमारत की दीवारों और आसपास के इलाके में लगीं, हालांकि किसी को कोई चोट नहीं आई. यह वारदात रंगदारी वसूली और शहर में दहशत फैलाने के मकसद से की गई थी.
राजस्थान से 6 लोगों को किया गिरफ्तार
जांच में पता चला कि यह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ी हो सकती है, जिसने पहले भी सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ली थी. पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ जब हरियाणा के बहादुरगढ़ में एसटीएफ यूनिट ने मुंबई पुलिस के साथ मिलकर चार आरोपियों को दबोचा. इनमें मुख्य शूटर और उसके साथी शामिल थे. गिरफ्तार लोगों की पहचान रितिक यादव (आगरा के बहाबिजौली निवासी), दीपक (नोएडा के सेक्टर 45, सदरपुर), सनी और सोनू (दोनों आगरा के बहाबिजौली) के रूप में हुई. इनके पास से एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई.
जांच अब और गहराई से चल रही
शुरुआती पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि उनका इरादा रंगदारी मांगकर बॉलीवुड जगत में खौफ पैदा करना था. इसके अलावा राजस्थान से छह और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि जांच अब और गहराई से चल रही है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(1) और 37(2), तथा आर्म्स एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है.
'सिंघम', 'गोलमाल' और 'सूर्यवंशी' जैसी दी हिट फिल्में
कुछ आरोपियों पर संगठित अपराध से जुड़े एमसीओसीए कानून के तहत भी चार्ज लगाए गए हैं. रोहित शेट्टी, जो 'सिंघम', 'गोलमाल' और 'सूर्यवंशी' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, इस घटना से काफी व्यथित हुए थे. हालांकि उन्होंने अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों के पूरे नेटवर्क को उजागर करने और आगे की साजिशों को नाकाम करने के लिए छापेमारी और पूछताछ जारी है.