मुंबई: क्राइम ड्रामा ओ रोमियो का बॉक्स ऑफिस सफर फिलहाल स्थिर नजर आ रहा है. शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की इस फिल्म ने पहले दो दिनों में भारत में लगभग 21.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म को मल्टीप्लेक्स और बड़े शहरों में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. क्राइम, रोमांस और ड्रामा के मिश्रण ने दर्शकों का ध्यान खींचा है.
सैकनिल्क के शुरुआती अनुमानों के अनुसार रविवार को फिल्म ने अब तक करीब 6.61 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि शाम और रात के शो में भीड़ बढ़ने पर यह आंकड़ा 8 करोड़ तक पहुंच सकता है. अगर वीकेंड का जोश बना रहा तो कलेक्शन 10 करोड़ के करीब भी जा सकता है. ऐसे में ओपनिंग वीकेंड का कुल आंकड़ा लगभग 30 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है.
करीब 75 से 80 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को हिट घोषित होने के लिए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना होगा. ओपनिंग वीकेंड मजबूत होना जरूरी है, लेकिन असली परीक्षा सोमवार से शुरू होगी. वीकडेज में गिरावट कितनी रहती है, यही फिल्म के भविष्य का फैसला करेगी.
फिल्म के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल थिएटर में कोई बड़ी स्टार कास्ट वाली फिल्म रिलीज नहीं हो रही है. छोटी और मीडियम बजट की फिल्मों के बीच ओ रोमियो को स्क्रीन स्पेस और दर्शक दोनों मिल रहे हैं. जब तक अगली बड़ी फिल्म रिलीज नहीं होती, तब तक इसे बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाने का मौका है.
इस फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है. शाहिद कपूर के साथ यह उनका चौथा सहयोग है. कहानी मुंबई के कठिन हालात में सेट है और हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वींस ऑफ मुंबई से प्रेरित बताई जा रही है. फिल्म में अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल, हुसैन दलाल और दिशा पटानी भी नजर आते हैं. वहीं तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी की विशेष उपस्थिति भी चर्चा में है.