menu-icon
India Daily

'हम रणवीर सिंह के साथ हैं...', Don 3 विवाद में 'धुरंधर' को मिला बड़ा साथ; सपोर्ट में आई ये बड़ी हीरोइन

Don 3 विवाद के बीच एक्टर रणवीर सिंह को बड़ा सपोर्ट मिला है. CINTAA की वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे ने कहा है कि संगठन रणवीर के साथ खड़ा है और जरूरत पड़ने पर उनका पूरा समर्थन करेगा.

babli
Edited By: Babli Rautela
'हम रणवीर सिंह के साथ हैं...', Don 3 विवाद में 'धुरंधर' को मिला बड़ा साथ; सपोर्ट में आई ये बड़ी हीरोइन
Courtesy: Social Media

मुंबई: बॉलीवुड में इन दिनों डॉन 3 को लेकर चल रहा विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. एक्टर रणवीर सिंह के फिल्म से बाहर होने की खबर के बाद मामला और भी गर्मा गया है. इसी बीच उन्हें एक बड़ा सपोर्ट मिला है. एक्ट्रेस और CINTAA की वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे ने खुलकर रणवीर सिंह का पक्ष लिया है. यह विवाद तब और चर्चा में आया जब FWICE ने एक्टर के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया. बताया गया कि यह कदम फिल्म मेकर और डायरेक्टर फरहान अख्तर की शिकायत के बाद उठाया गया. शिकायत में दावा किया गया कि रणवीर के फिल्म से हटने के कारण निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

पद्मिनी कोल्हापुरे ने खुलकर किया सपोर्ट

चल रहे विवाद के बीच पद्मिनी कोल्हापुरे का बयान रणवीर सिंह के लिए राहत की खबर माना जा रहा है. उन्होंने कहा कि CINTAA को इस बात पर गर्व है कि रणवीर सिंह उनके सदस्य हैं. उन्होंने साफ कहा कि यदि रणवीर को कभी संगठन की जरूरत पड़ेगी तो CINTAA उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा. पद्मिनी ने यह भी कहा कि मामला सार्वजनिक हो चुका है, इसलिए वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहतीं, लेकिन संगठन का समर्थन रणवीर के साथ है.

FWICE के फैसले से बढ़ी चर्चा

डॉन 3 विवाद ने तब नया मोड़ लिया जब FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया. रिपोर्ट्स के अनुसार फरहान अख्तर की ओर से दर्ज शिकायत में दावा किया गया कि एक्टर के फिल्म से बाहर होने से करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. हालांकि इस मामले में अभी तक कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है. इंडस्ट्री के कई लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.

विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह की ओर से बयान जारी किया गया है. बयान में कहा गया कि रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और Don फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं. उनकी टीम ने कहा कि एक्टर ने जानबूझकर इस पूरे मामले पर चुप्पी बनाए रखी क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर और निजी रिश्तों से जुड़े मुद्दों को गरिमा, समझदारी और आपसी सम्मान के साथ सुलझाया जाना चाहिए.