मुंबई: तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण और बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर की अपकमिंग फिल्म 'पेड्डी' की रिलीज में देरी हो गई है. फिल्म को मूल रूप से 30 अप्रैल को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब इसे जून महीने में टाल दिया गया है. फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार अप्रैल को आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की.
बयान में कहा गया- 'सभी दर्शकों का हमारी गानों और ग्लिम्प्स पर जोरदार रिस्पॉन्स मिलने के लिए धन्यवाद. पेड्डी के लिए मिल रहे प्यार और उत्साह को देखकर हम बेहद खुश हैं. फिल्म का टॉकी पार्ट पूरा हो चुका है और सिर्फ एक गाना बाकी है जिसे शूट करना है.'
निर्माताओं ने आगे बताया कि फिल्म का एडिट देखने के बाद वे कंटेंट से काफी संतुष्ट हैं. इतने मजबूत कंटेंट को हाथ में रखते हुए उन्हें लगता है कि दर्शकों को इसे सर्वश्रेष्ठ तरीके से पेश करना चाहिए. इसलिए उन्होंने तय किया है कि टेक्निशियंस और पोस्ट-प्रोडक्शन टीम को थोड़ा और समय दिया जाए ताकि वे फिल्म को परफेक्शन के साथ तैयार कर सकें.
बयान में लिखा है- 'हमारा फर्ज है कि हम आपको थिएटर में सबसे बेहतरीन अनुभव दें. इसलिए हमने फिल्म की रिलीज को जून तक टालने का फैसला किया है. सटीक रिलीज डेट बहुत जल्द घोषित कर दी जाएगी. आपके लगातार समर्थन और धैर्य के लिए शुक्रिया. यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है.'
राम चरण और जान्हवी कपूर की यह फिल्म काफी समय से सुर्खियों में है. दोनों कलाकारों की जोड़ी पहली बार साथ नजर आएगी, जिसकी वजह से दर्शकों में खासा उत्साह है. फिल्म का निर्देशन पवन वासिरेड्डी कर रहे हैं. फिल्म 'पेड्डी' की कहानी और खास बातें अभी तक गोपनीय रखी गई हैं, लेकिन गानों और उपलब्ध ग्लिम्प्स ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया है.
निर्माताओं का कहना है कि फिल्म में मजबूत कहानी के साथ-साथ शानदार विजुअल्स और एक्शन भी होगा. इस देरी से कई दर्शक निराश जरूर हुए हैं, लेकिन निर्माताओं की परफेक्शनिस्ट सोच को लोग सराह रहे हैं. अक्सर बड़े बजट की फिल्मों में क्वालिटी को प्राथमिकता देते हुए रिलीज डेट टाली जाती है, ताकि अंतिम प्रोडक्ट दर्शकों को पूरी तरह संतुष्ट कर सके. अभी फिल्म की नई रिलीज डेट का इंतजार है.