मुंबई: रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' का धमाकेदार एंथम 'छत्रपति' रिलीज हो गया है. अजय-अतुल की संगीत रचना और अजय की ही आवाज में तैयार यह गाना सुनते ही रोमांच हो जाता है. शिवाजी महाराज की वीरता, सिंहगर्जना और हिंदवी स्वराज्य की भावना को इस गाने में खूबसूरती से पिरोया गया है.
रितेश ने खुद सोशल मीडिया पर इस गाने को शेयर करते हुए लिखा- 'छत्रपति शिवाजी महाराजांची सिंहगर्जना घुमणार... हिंदवी स्वराज्यासाठी, रयतेसाठी आणि मराठी मातीसाठी!' यह गाना फिल्म के पहले ट्रैक के रूप में रिलीज हुआ है. पहले फिल्म का टीजर आया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया. अब एंथम 'छत्रपति' ने भी नेटिजन्स को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया है.
एक यूजर ने कमेंट किया- 'Best tribute to our legend Chhatrapati Shivaji Maharaj.' जबकि दूसरे ने लिखा- 'यह आर रहमान के 'छावा' वाले म्यूजिक से इंफिनिटी टाइम्स बेहतर है.' सोशल मीडिया पर लोग गाने की तारीफों के पुल बांध रहे हैं. अजय-अतुल की धुन, ताल और गायकी ने गाने को ऐतिहासिक बना दिया है. रेमो डिसूजा द्वारा कोरियोग्राफी किए गए इस गाने में विसुअल्स भी कमाल के हैं.
फिल्म 'राजा शिवाजी' में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका में नजर आएंगे. यह उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म भी है. फिल्म में तगड़ा स्टार कास्ट है – संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालान, माहेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोले गुप्ते और जेनेलिया देशमुख जैसे कलाकार शामिल हैं.
फिल्म का बजट भी काफी बड़ा है और इसे पैन-इंडियन स्तर पर रिलीज किया जाएगा. 'राजा शिवाजी' मराठी फिल्म है, लेकिन इसे हिंदी और तेलुगु में डब करके भी रिलीज किया जाएगा. 1 मई 2026 को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर फिल्म थिएटरों में आएगी. रिलीज डेट के आसपास यह फिल्म 'एक दिन' और 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' जैसी अन्य फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर लेगी. दर्शक उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं कि कौन सी फिल्म दर्शकों का दिल जीत पाएगी.
अजय-अतुल हमेशा से मराठी सिनेमा को अपनी शानदार धुनों से सजाते रहे हैं. 'छत्रपति' एंथम में भी उन्होंने शिवाजी महाराज की महानता को संगीत के जरिए जिंदा कर दिया है. गाने में वीरता, देशभक्ति और मराठी अस्मिता की गूंज साफ सुनाई देती है.
रितेश देशमुख ने इस प्रोजेक्ट को अपनी जड़ों से जोड़कर बनाया है. महाराष्ट्रीयनों के लिए यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि गर्व का विषय बन गई है. फिल्म के टीजर और अब एंथम के रिलीज होने के बाद एक्साइटमेंट और बढ़ गया है. 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में फिल्म देखने का इंतजार अब और रोमांचक हो गया है.