मुंबई: फिल्मी दुनिया में कई लव स्टोरी चर्चा में रहती हैं लेकिन बॉलीवुड एक्टर आर. माधवन और उनकी पत्नी सरिता बिरजे की लव स्टोरी सबसे खास मानी जाती है. यह कहानी न किसी फिल्म के सेट पर शुरू हुई और न ही किसी ग्लैमरस पार्टी में. बल्कि इस लव स्टोरी की शुरुआत एक क्लासरूम से हुई थी. उस क्लासरूम से जहां माधवन एक टीचर थे और सरिता उनकी छात्रा. आज अपने 56वें जन्मदिन के मौके पर आर माधवन सिर्फ अपने शानदार अभिनय के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी खूबसूरत लव स्टोरी के लिए भी चर्चा में हैं.
साल 1991 में जब आर माधवन फिल्मों का हिस्सा नहीं थे, तब वह कोल्हापुर में पर्सनैलिटी डेवलपमेंट की क्लास लिया करते थे. उस समय वह युवाओं को इंटरव्यू, कम्युनिकेशन और करियर से जुड़ी ट्रेनिंग दिया करते थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात सरिता बिरजे से हुई. सरिता एयरलाइन इंडस्ट्री में करियर बनाना चाहती थीं. सरिता, माधवन की क्लास में पर्सनालिटी डेवलपमेंट की क्लास लेने आया करती थी.
कोर्स पूरा होने के बाद सरिता को अपनी पहली नौकरी मिल गई. अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माधवन को दिया और उनका धन्यवाद करने के लिए एक डिनर का आयोजन किया. यही डिनर दोनों की जिंदगी का सबसे खास मोड़ साबित हुआ. डिनर टेबल पर हुई बातचीत के दौरान दोनों एक दूसरे को बेहतर तरीके से समझने लगे. धीरे धीरे दोस्ती गहरी हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. माधवन और सरिता की नजदीकियां बढ़ती गईं. दोनों ने महसूस किया कि उनके बीच सिर्फ दोस्ती नहीं बल्कि उससे कहीं ज्यादा है. इसके बाद दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू किया. रिश्ते में विश्वास और समझदारी इतनी मजबूत थी कि दोनों ने जल्दबाजी करने की बजाय एक दूसरे को समय दिया.
आज के दौर में जहां रिश्ते बहुत जल्दी बनते और टूटते हैं वहीं माधवन और सरिता ने अपने रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए लंबा समय दिया. दोनों ने करीब 8 साल तक एक दूसरे को डेट किया और साल 1999 में उन्होंने शादी करने का फैसला किया. उनकी शादी पारंपरिक बंगाली और तमिल रीति रिवाजों के अनुसार हुई थी. यह वही समय था जब माधवन का फिल्मी करियर भी नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा था.