नई दिल्ली: देशभर में कमर्शियल LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को जून की शुरुआत में महंगाई का झटका लगा है. 1 जून से 19 किलो वाले कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है. दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़ाकर 3,113.5 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी गई है. वहीं कोलकाता में 53.5 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी नई कीमत 3,255.5 रुपये हो गई है.
इसके साथ ही 5 किलो फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की वृद्धि की गई है. दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.5 रुपये में मिलेगा. हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम घरों के उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है.
यह पिछले एक महीने में दूसरी बार है जब कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. इससे पहले 1 मई को तेल कंपनियों ने प्रति सिलेंडर 993 रुपये तक की बड़ी बढ़ोतरी की थी. उस समय पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने को इसकी प्रमुख वजह बताया गया था.
सरकार का कहना है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में बनी हुई है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि सरकार देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रणनीतिक भंडार बढ़ाने पर काम कर रही है. तेल विपणन कंपनियों को कम से कम 30 दिन का LPG भंडार बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि भारत में पेट्रोल, डीजल, LPG और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और LPG उत्पादन लगभग 90 DMT प्रतिदिन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. देशभर में LPG वितरण केंद्रों पर किसी प्रकार की आपूर्ति बाधा की सूचना नहीं है.
हालांकि अधिकारियों ने कुछ क्षेत्रों में असामान्य बिक्री और थोक खरीदारी के मामले देखे हैं. ईंधन की कुल बिक्री में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है. 14 जिलों में पेट्रोल बिक्री 100 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है.
जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए जांच अभियान भी तेज कर दिया गया है. पिछले चार दिनों में LPG वितरण से जुड़े 6,500 छापे मारे गए. जिसमें 5 एफआईआर दर्ज हुईं और 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं ईंधन बिक्री केंद्रों पर 900 निरीक्षण में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल जब्त किया गया.