menu-icon
India Daily

'धुरंधर में जो दिखाया गया वह सब सच है', पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजाकिया का बड़ा दावा

पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजकिया ने फिल्म धुरंधर का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें कराची की जो सच्चाई दिखाई गई है वह उसके गवाह रहे हैं. रणवीर सिंह स्टारर इस सफल फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'धुरंधर में जो दिखाया गया वह सब सच है', पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजाकिया का बड़ा दावा
Courtesy: social media

सिनेमा के पर्दे पर दिखाई जाने वाली कहानियों को लेकर अक्सर बहस छिड़ जाती है कि वे कितनी सच हैं और कितनी काल्पनिक हैं. लेकिन जब जमीनी हकीकत देख चुका कोई व्यक्ति उसकी गवाही दे दे तो चर्चा और बढ़ जाती है. कुछ ऐसा ही इस बार फिल्म 'धुरंधर' को लेकर हुआ है. पाकिस्तानी पत्रकार आरिफ आजकिया ने सार्वजनिक रूप से इस फिल्म का समर्थन किया है. उनका कहना है कि फिल्म में दिखाई गई कई घटनाएं उस असलियत पर आधारित हैं जिसे उन्होंने खुद कराची में बड़े होते हुए अपनी आंखों से देखा है.

धुरंधर ने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़े

रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर' फिल्म फ्रैंचाइजी पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा में बनी हुई है. साल 2025 में आई इसकी पहली फिल्म और फिर 2026 में आए इसके सीक्वल ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हालांकि इस फिल्म को कुछ समूहों की आलोचना का भी सामना करना पड़ा है जिनका मानना है कि फिल्म में कराची के क्राइम नेटवर्क और भारत के एंटी-टेरर ऑपरेशन्स को एकतरफा तरीके से दिखाया गया है.

अजाकिया ने फिल्म पर क्या कहा?

'टॉक जर्नलिज्म 2026' कार्यक्रम के दौरान पत्रकार सौरभ द्विवेदी से बातचीत करते हुए आरिफ आजकिया ने फिल्म में दिखाए गए घटनाक्रमों का बचाव किया है. उन्होंने कहा कि वह फिल्म में दिखाए गए हालातों से पूरी तरह वाकिफ हैं क्योंकि उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा कराची के 'ल्यारी' इलाके में बिताया है जो अक्सर आपराधिक गैंग्स और हिंसा के लिए जाना जाता रहा है. आजकिया के अनुसार फिल्म का चित्रण उनके अनुभवों से बिल्कुल मेल खाता है.

परिवार के बारे में भी की बात

बातचीत के दौरान आजकिया ने अपने परिवार के बारे में भी एक दिलचस्प बात बताई. उन्होंने खुलासा किया कि भले ही उनका जन्म कराची में हुआ था लेकिन उनके माता-पिता मूल रूप से भारत के गुजरात में स्थित जूनागढ़ के रहने वाले थे. इसीलिए पाकिस्तान में पैदा होने के बावजूद वे खुद को भारतीय मूल का मानते हैं.

गौरतलब है कि 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी का निर्देशन आदित्य धर ने किया है जिसमें रणवीर सिंह एक भारतीय खुफिया अधिकारी 'जसकीरत सिंह रांगी' के मुख्य किरदार में हैं जो सीमा पार सीक्रेट मिशनों को अंजाम देता है. इस फिल्म में आर. माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और मानव गोहिल जैसे कई बेहतरीन कलाकार शामिल हैं. इस सीरीज की दूसरी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को रिलीज हुई थी और इसने दुनिया भर में 1,800 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्डतोड़ कमाई की है. आजकिया के इस बयान ने फिल्म की सच्चाई और इसके असर को लेकर एक बार फिर नई बहस छेड़ दी है.