menu-icon
India Daily

'विजय की वजह से मैंने अपना बच्चा खोया', एक्ट्रेस जूली ने तमिलनाडु सीएम पर लगाए गंभीर आरोप

एक्ट्रेस जूली ने अपने गर्भपात के लिए तमिलनाडु के सीएम विजय को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस में शिकायत की है जिसको गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'विजय की वजह से मैंने अपना बच्चा खोया', एक्ट्रेस जूली ने तमिलनाडु सीएम पर लगाए गंभीर आरोप
Courtesy: x

नर्स से एक्ट्रेस बनी जूली ने साउथ सुपरस्टार और तमिलाडु के सीएम विजय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि विजय के प्रशंसकों और उनकी पार्टी टीवीके के समर्थकों द्वारा कथित तौर पर ट्रोलिंग किए जाने के कारण मेरा गर्भपात हुआ. उन्होंने इस ट्रोलिंग को लेकर चेन्नई में शिकायत दर्ज कराई है.

मीडिया से बातचीत में एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने ऑनलाइन किए गए कथित शोषण को लेकर मार्च में पुलिस से संपर्क किया था और आठ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें एक नोटिस मिला जिसमें कहा गया था मामला आपराधिक नहीं बल्कि दीवानी मानहानि के अंतर्गत आता है. उन्होंने यह भी बताया कि तमिलनाडु में सरकार बदलने के बाद जारी किए गए इस नोटिस के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी. एक्ट्रेस ने यह भी  आरोप लगाया कि इसके बाद उन पर 15 लाख रुपए के किडनी घोटाले के आरोप लगे.

मेरे बच्चे को खोने के लिए विजय अन्ना जिम्मेदार

जूली ने बताया कि हाल ही में उनकी शादी हुई थी और उन्होंने अपने पहले बच्चे को खो दिया. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन हुई ट्रोलिंग के कारण उन्हें मानसिक आघात लगा जिससे उनके बच्चे की मृत्यु हुई. जूली ने कहा कि वह इस स्थिति का इस्तेमाल सहानुभूति बटोरने के लिए कर सकती हैं लेकिन उनकी मुख्य चिंता उनके और उनके पति के बारे में की जा रही अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियां हैं.  उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई महिला टीवीके के बारे में बोलती है तो बिना किसी संकोच या रोक-टोक के उसका नाम खराब कर दिया जाता है.

गंभीरता से नहीं ली जा रही शिकायत

एक्ट्रेस ने कहा कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है क्योंकि जिन आठ लोगों पर उन्होंने आरोप लगाया है वे टीवीके के समर्थक हैं. जूली ने कहा, 'विजय अन्ना मेरे बच्चे को खोने के लिए जिम्मेदार हैं. उन्होंने सीधे तौर पर ऐसा नहीं किया लेकिन अगर उन्होंने एक शब्द भी कहा होता और ट्रोलर्स को रोका होता तो मुझे यह सब नहीं खोना पड़ता.' जूली ने कहा कि विजय को अपने समर्थकों के खिलाफ बोलने वालों पर कथित तौर पर हमले करवाने के बजाय जनता के लिए कुछ करने पर ध्यान देना चाहिए.