वीर पहाड़िया की अपकमिंग फिल्म प्रेम कीटाणु का ट्रेलर रिलीज हो गया है. मंगलवार 22 सितंबर को जारी किए गए ट्रेलर में कॉलेज लाइफ, दोस्ती, रोमांस और कॉमेडी के साथ एक दिलचस्प लव ट्राएंगल की झलक देखने को मिली. फिल्म में वीर पहाड़िया के साथ आफिया सैयद और अपारशक्ति खुराना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.
ट्रेलर की कहानी उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर के माहौल के आसपास घूमती नजर आती है. फिल्म में कॉलेज लाइफ की मस्ती, दोस्तों के साथ घूमना, क्लास बंक करना और देर रात तक पार्टी करने जैसे कई पहलुओं को दिखाया गया है. वीर पहाड़िया फिल्म में विशाल नाम के कॉलेज स्टूडेंट का किरदार निभा रहे हैं. विशाल पढ़ाई से ज्यादा अपनी मस्ती और दोस्तों के साथ समय बिताने में दिलचस्पी रखता है. इसी दौरान उसकी मुलाकात सुहानी से होती है, जिसका किरदार आफिया सैयद निभा रही हैं.
विशाल को सुहानी से प्यार हो जाता है, लेकिन कहानी इतनी सीधी नहीं है. अपारशक्ति खुराना का किरदार रंजीत भी सुहानी को पसंद करता है और उसे पाने के साथ उसके परिवार को प्रभावित करने की कोशिश करता दिखाई देता है.
ट्रेलर में विशाल और रंजीत के बीच जबरदस्त टकराव भी देखने को मिलता है. दोनों के बीच सुहानी को लेकर बहस और हाथापाई तक की नौबत आ जाती है. एक सीन में विशाल सुहानी से शिकायत करता नजर आता है कि वह दोनों लड़कों के साथ घूम रही है. ट्रेलर में रोमांस के साथ हल्का-फुल्का हास्य भी देखने को मिलता है. कहानी में युवा रिश्तों की उलझन, दोस्ती और प्यार को कॉमेडी के अंदाज में पेश करने की कोशिश की गई है. ट्रेलर के आखिरी हिस्से में वेलकम के लोकप्रिय किरदार मजनू भाई का भी जिक्र सुनाई देता है, जिसने वीडियो को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है.
फिल्म की घोषणा के बाद से ही प्रेम कीटाणु को लेकर एक सवाल लगातार चर्चा में रहा है. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म 2024 में आई मलयालम रोमांटिक कॉमेडी प्रेमलू का हिंदी अडैप्टेशन है. इसी वजह से फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हुई. हालांकि वीर पहाड़िया ने बाद में इन खबरों को साफ करते हुए कहा था कि प्रेम कीटाणु प्रेमलू का रीमेक नहीं है. अब ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म की कहानी और इसके किरदारों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है.