मुंबई: पूनम पांडे भारतीय मनोरंजन जगत का एक ऐसा नाम है जो अक्सर विवादों और सनसनीखेज घटनाओं के कारण चर्चा में रहा है. मॉडलिंग की दुनिया से अपने करियर की शुरुआत करने वाली पूनम ने धीरे धीरे फिल्मों, टीवी और सोशल मीडिया तक अपनी पहचान बना ली है. पूनम पांडे का जन्म 11 मार्च 1991 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था. उनका परिवार साधारण पृष्ठभूमि से जुड़ा था. शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने दिल्ली में रहते हुए मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा. महज 18 साल की उम्र में उन्होंने मॉडलिंग शुरू कर दी थी. उनके बोल्ड फोटोशूट और अलग अंदाज ने उन्हें बहुत जल्दी लोकप्रिय बना दिया.
पूनम पांडे को शुरुआती पहचान 2010 में मिली जब उन्होंने ग्लैडरैग्स मैनहंट और मेगा मॉडल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. इस प्रतियोगिता में वह टॉप 9 में शामिल हुईं. इसके बाद उन्हें कई बड़े फोटोशूट और कैलेंडर प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिलने लगे. खास तौर पर 2012 के किंगफिशर कैलेंडर में नजर आने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई. धीरे धीरे सोशल मीडिया पर भी उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ने लगी.
साल 2011 में पूनम पांडे अचानक पूरे देश में चर्चा का विषय बन गईं. उन्होंने कहा था कि अगर भारतीय क्रिकेट टीम विश्व कप जीतती है तो वह न्यूड हो जाएंगी. इस बयान के बाद देशभर में काफी विवाद हुआ और सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों तक हर जगह उनकी चर्चा होने लगी. हालांकि बाद में यह मामला काफी विवादों में घिर गया और उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा.
मॉडलिंग के बाद पूनम पांडे ने बॉलीवुड में भी कदम रखा. उन्होंने 2013 में फिल्म नशा से फिल्मी करियर की शुरुआत की. इस फिल्म में उन्होंने एक स्कूल टीचर का किरदार निभाया था. फिल्म में कई बोल्ड सीन भी थे. जब फिल्म का पोस्टर सामने आया तो कई जगह इसका विरोध हुआ और कुछ जगह पोस्टर जलाए भी गए. इसके बाद पूनम ने कई फिल्मों में काम किया. इनमें मालिनी एंड कंपनी, द जर्नी ऑफ कर्मा, लव इज पॉइजन और आ गया हीरो जैसी फिल्में शामिल हैं.
पूनम पांडे ने सिर्फ फिल्मों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने टीवी और रियलिटी शो की दुनिया में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. वह एडवेंचर रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 4 में नजर आईं. इसके अलावा उन्होंने लॉकअप जैसे चर्चित शो में भी हिस्सा लिया. कुछ टीवी शोज में भी उन्होंने अभिनय किया जिनमें टोटल नादानियां और प्यार मोहब्बत श्श्श जैसे नाम शामिल हैं.