Humaira Asghar Ali Dead: पाकिस्तानी अभिनेत्री और मॉडल हुमैरा असगर अली की मौत ने मनोरंजन जगत को झकझोर कर रख दिया है. 32 वर्षीय हुमैरा का शव 8 जुलाई 2025 को कराची के पॉश इत्तेहाद कमर्शियल इलाके में उनके किराए के फ्लैट में मिला. पुलिस के अनुसार उनकी मौत अक्टूबर 2024 में हो चुकी थी, यानी शव लगभग नौ महीने तक फ्लैट में पड़ा रहा. इस दुखद खोज ने कई सवाल खड़े किए हैं.
4 दिन से नहीं 9 महीने से फ्लैट में सड़ रही थी पाक एक्ट्रेस की लाश
हुमैरा के शव की स्थिति इतनी खराब थी कि शरीर के कई हिस्सों में मांस नहीं बचा था और हड्डियां छूने पर टूट रही थीं. पुलिस को यह शव तब मिला, जब मकान मालिक ने किराया न चुकाने की शिकायत पर कोर्ट से बेदखली का आदेश लिया. कोर्ट के बेलिफ ने पुलिस के साथ फ्लैट का ताला तोड़ा, तो अंदर यह भयावह दृश्य देखने को मिला. डीआईजी साउथ सैयद असद रजा ने बताया कि फ्रिज में रखे खाने और दूध की एक्सपायरी डेट सितंबर 2024 थी और हुमैरा का फोन भी अक्टूबर 2024 से एक्टिव नहीं था.
पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका को खारिज किया है, क्योंकि फ्लैट का दरवाजा और बालकनी अंदर से बंद थी. हालांकि मौत का सटीक कारण जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है. चौंकाने वाली बात यह है कि हुमैरा के परिवार ने उनके शव को लेने से इनकार कर दिया. उनके पिता, डॉ. असगर अली ने पुलिस को बताया कि उन्होंने हुमैरा से कई साल पहले संबंध तोड़ लिए थे. आखिरकार उनके जीजा ने शव लेने की जिम्मेदारी ली.
आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट थी 30 सितंबर 2024 की
बता दें कि हुमैरा ने 2015 की फिल्म 'जलेबी' और रियलिटी शो 'तमाशा घर' में काम किया था. वह सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय थीं, जहां उनके 7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 30 सितंबर 2024 की थी. पड़ोसियों ने बताया कि हुमैरा पिछले सात सालों से अकेले रह रही थीं और काम के अलावा बाहर कम ही नजर आती थीं. हुमैरा की मौत का रहस्य अभी भी अनसुलझा है और प्रशंसक उनके लिए शोक मना रहे हैं.