menu-icon
India Daily

प्यार-धोखा और एक खतरनाक खेल... क्या है Oscar नॉमिनेटेड फिल्म 'गोंधल' की कहानी? जानें कहां देख सकेंगे ये मराठी थ्रिलर

'गोंधल' नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज के बाद इसने कई फिल्म फेस्टिवल में अच्छी तारीफ बटोरी और कई पुरस्कार भी जीते. फिल्म की कहानी, निर्देशन और अभिनय तीनों को सराहा गया है. खासकर ग्रामीण महाराष्ट्र की संस्कृति और गोंधल जैसी पारंपरिक रस्म को फिल्म में खूबसूरती से पेश किया गया है.

antima
Edited By: Antima Pal
प्यार-धोखा और एक खतरनाक खेल... क्या है Oscar नॉमिनेटेड फिल्म 'गोंधल' की कहानी? जानें कहां देख सकेंगे ये मराठी थ्रिलर
Courtesy: X

Oscars 2027: भारत की सिनेमा दुनिया में एक और बड़ी खुशखबरी आई है. मराठी थ्रिलर फिल्म 'गोंधल' को 99वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है. यह फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर बनी है और इसमें रिश्तों, इच्छाओं और धोखे की एक दिलचस्प कहानी दिखाई गई है.

क्या है Oscar नॉमिनेटेड फिल्म 'गोंधल' की कहानी?

फिल्म की कहानी सुमन नाम की एक युवती के इर्द-गिर्द घूमती है. सुमन और सरजेराव एक-दूसरे से गहरा प्यार करते थे. लेकिन सरजेराव के पिता ने शादी के लिए बहुत ज्यादा दहेज की मांग की. इस वजह से उनका रिश्ता टूट गया और सुमन को मजबूरी में भोले-भाले आनंदराव से शादी करनी पड़ी. शादी हो गई, लेकिन पुराना प्यार और अधूरे सपने दोनों के मन में कहीं न कहीं जिंदा थे.

कहानी का मुख्य हिस्सा एक खास रात पर केंद्रित है. नवविवाहित जोड़े की जिंदगी में आने वाली मुश्किलों को दूर करने के लिए गांव में पारंपरिक गोंधल लोक समारोह का आयोजन किया जाता है. जलती हुई आग की रोशनी, ढोल की तेज आवाजें और धार्मिक मंत्रों के बीच पूरा गांव इकट्ठा होता है. इस रहस्यमयी माहौल में पुरानी यादें और दबे हुए जज्बात एक बार फिर उभर आते हैं.

प्यार-धोखा और एक खतरनाक खेल... 

सरजेराव अपनी पुरानी प्रेमिका को आसानी से खोने के लिए तैयार नहीं है. वह सुमन को वापस पाने की कोशिश करता है. दूसरी तरफ सुमन भी हालात को अपने तरीके से संभालना शुरू कर देती है. वह सरजेराव के जुनून और गोंधल की रहस्यमयी ऊर्जा का इस्तेमाल करते हुए पूरे समारोह को एक खतरनाक खेल में बदल देती है. इस खेल में इच्छा, धोखा और नियंत्रण तीनों एक-दूसरे से टकराते हैं. फिल्म में प्यार और बदले की भावना को बहुत बारीकी से दिखाया गया है, जिससे दर्शक अंत तक बांधे रहते हैं.

कहां देख सकेंगे ये मराठी थ्रिलर?

'गोंधल' नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज के बाद इसने कई फिल्म फेस्टिवल में अच्छी तारीफ बटोरी और कई पुरस्कार भी जीते. फिल्म की कहानी, निर्देशन और अभिनय तीनों को सराहा गया है. खासकर ग्रामीण महाराष्ट्र की संस्कृति और गोंधल जैसी पारंपरिक रस्म को फिल्म में खूबसूरती से पेश किया गया है.

अभी तक फिल्म के ओटीटी राइट्स को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. अमेजन प्राइम, नेटफ्लिक्स या जी5 जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इसके आने की संभावना है. ऑस्कर के लिए चुने जाने के बाद उम्मीद है कि जल्द ही कोई बड़ा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म इसे अपने यहां लाएगा. जो लोग थिएटर में नहीं देख पाए, वे घर बैठे इस थ्रिलर का मजा ले सकेंगे.