मुंबई: सोशल मीडिया की दुनिया में ओरहान अवत्रामानी यानी ओरी एक ऐसा नाम बन चुके हैं, जिन्हें लगभग हर बड़ा बॉलीवुड इवेंट, स्टार पार्टी और हाई प्रोफाइल समारोह में देखा जाता है. लंबे समय से लोग यह जानना चाहते थे कि आखिर ओरी करते क्या हैं और उनकी कमाई का जरिया क्या है. अब हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने अपनी आय और कामकाज को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं, जिसने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है.
बातचीत के दौरान ओरी ने बताया कि उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा ब्रांड पार्टनरशिप और सोशल मीडिया प्रमोशन से आता है. उन्होंने दावा किया कि पिछले महीने उन्हें केवल एक ब्रांड डील और एक रील के लिए ₹76 लाख का भुगतान मिला था. यह खुलासा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई कि डिजिटल दुनिया में प्रभावशाली कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई कितनी तेजी से बढ़ रही है.
ओरी ने यह भी बताया कि उनकी लोकप्रियता अब केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है. लोग उन्हें निजी समारोहों, शादियों, जन्मदिन पार्टियों और अन्य खास आयोजनों में आमंत्रित करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए वह ₹15 लाख से ₹25 लाख तक शुल्क लेते हैं. उनके अनुसार लोग केवल उनकी मौजूदगी ही नहीं, बल्कि उनके साथ समय बिताने और सोशल मीडिया पर यादगार पल साझा करने के अनुभव के लिए भी भुगतान करते हैं.
ओरी का कहना है कि वह केवल किसी कार्यक्रम में मेहमान बनकर नहीं जाते, बल्कि वहां मौजूद लोगों के साथ घुलमिल जाते हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह मेहमानों से ऐसे मिलते हैं जैसे वर्षों पुराने दोस्त हों. उनके अनुसार उनकी उपस्थिति अब एक तरह का अनुभव बन चुकी है, जिसे लोग अपने खास अवसरों का हिस्सा बनाना चाहते हैं. सोशल मीडिया पर ओरी अपने खास फोटो पोज के लिए भी जाने जाते हैं. इस बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में कुछ ही लोग ऐसे हैं जिन्हें उनके खास पोज के लिए पहचाना जाता है. उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि उनके और शाहरुख खान के पोज लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं और यही उनकी पहचान का हिस्सा बन चुके हैं.
हालांकि करोड़ों की कमाई के बावजूद ओरी ने बताया कि वह अपने वित्तीय मामलों को खुद संभालने के बजाय अपने माता पिता पर भरोसा करते हैं. उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्य ही उनकी कमाई और आर्थिक योजनाओं का प्रबंधन करते हैं और वह भविष्य में भी यही व्यवस्था बनाए रखना चाहते हैं.