भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों किसी मैच या रिकॉर्ड की वजह से नहीं, बल्कि अपने परिवार के साथ बिताए गए खास पलों को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें वायरल हुई हैं, जिनमें वह पत्नी अनुष्का शर्मा, बेटी वामिका और बेटे अकाय के साथ समय बिताते नजर आ रहे हैं. इन तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान उस पल ने खींचा, जिसमें विराट अपने छोटे बेटे अकाय को पीठ पर बिठाकर पार्क में घूमते दिखाई दे रहे हैं. यह तस्वीर देखते ही फैंस का दिल पिघल गया और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई.
वायरल तस्वीरों में विराट और अनुष्का यूके के एक खूबसूरत पार्क में अपने परिवार और दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं. हरे भरे मैदान और शांत माहौल के बीच दोनों बेहद सहज और खुश दिखाई दे रहे हैं. एक तस्वीर में विराट अपने बेटे अकाय को गोद में लेकर टहलते नजर आते हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वह अकाय को अपनी पीठ पर बिठाकर मुस्कुराते हुए चलते दिख रहे हैं. हालांकि कपल ने हमेशा की तरह अपने बच्चों की निजता का ध्यान रखा और तस्वीरों में अकाय का चेहरा नजर नहीं आया.
Virat Kohli is enjoying time with family in London. pic.twitter.com/dch0nwt2BE
— Virat Kohli Fan Team (@ViratFanTeam) June 16, 2026
तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर प्यार बरसाया. कई लोगों ने विराट को आदर्श पिता बताया, जबकि कुछ ने उन्हें फैमिली मैन कहा. एक यूजर ने लिखा कि क्रिकेट की व्यस्त जिंदगी के बीच परिवार के साथ बिताया गया समय बेहद खास होता है. वहीं दूसरे फैन ने कहा कि अकाय एक महान खिलाड़ी के साथ बड़ा हो रहा है, लेकिन उसके लिए विराट सिर्फ उसके पापा हैं. कई लोगों ने तस्वीरों को दिन की सबसे खूबसूरत तस्वीर बताया और पिता बेटे के इस रिश्ते की सराहना की.
VIRAT KOHLI WITH HIS SON AKAAY. ❤️🥹
— Tanuj (@ImTanujSingh) June 16, 2026
- Beautiful pictures of the Day! pic.twitter.com/VBy48OyTYq
विराट और अनुष्का हमेशा से अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने की कोशिश करते हैं. खासतौर पर अपने बच्चों की तस्वीरों और वीडियो को लेकर दोनों बेहद सजग रहते हैं. उन्होंने कई बार मीडिया और फोटोग्राफर्स से अनुरोध किया है कि उनके बच्चों की तस्वीरें सार्वजनिक न की जाएं. यही वजह है कि वायरल तस्वीरों में भी बच्चों के चेहरे नजर नहीं आते.
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की प्रेम कहानी बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की सबसे चर्चित कहानियों में से एक रही है. दोनों की मुलाकात एक विज्ञापन शूट के दौरान हुई थी और इसके बाद उन्होंने कई वर्षों तक एक दूसरे को डेट किया. दिसंबर 2017 में दोनों ने इटली में निजी समारोह में शादी की थी. जनवरी 2021 में उनकी बेटी वामिका का जन्म हुआ, जबकि फरवरी 2024 में बेटे अकाय ने उनके परिवार को पूरा किया.