menu-icon
India Daily

Model Divya Pahuja Murder Case: हत्यारोपियों ने पुलिस के सामने खोले कई राज, गाडोली एनकाउंटर, ब्लैकमेलिंग से जुड़े हैं तार

पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक होटल का मालिक अभिजीत सिंह, होटल में काम करने वाले हेमराज और ओमप्रकाश शामिल हैं. अभी तक दिव्या का शव बरामद नहीं हो सका है.

Sagar Bhardwaj
Edited By: Sagar Bhardwaj
Model Divya Pahuja Murder Case: हत्यारोपियों ने पुलिस के सामने खोले कई राज, गाडोली एनकाउंटर, ब्लैकमेलिंग से जुड़े हैं तार

हाइलाइट्स

  • 7 साल हिरासत में बिताने के बाद जमानत पर बाहर आई थी दिव्या
  • पुलिस को अब तक नहीं मिला दिव्या का शव

Model Divya Pahuja Murder Case: गुरुवार को गुरुग्राम के एक होटल में हुई मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के मामले को लेकर हर पल नए खुलासे हो रहे हैं. 27 वर्षीय इस मॉडल की हत्या को पहले गैंगस्टर संदीप गाडोली के फर्जी एनकाउंटर से जोड़ा गया, लेकिन अब इस मामले में पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस के सामने उन्हें ब्लैकमेल किये जाने की बात कही है.

'अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल कर रही थी दिव्या'

पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें एक होटल का मालिक अभिजीत सिंह, होटल में काम करने वाले हेमराज और ओमप्रकाश शामिल हैं. 

अभिजीत ने पुलिस को बताया कि दिव्या के पास उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें थीं, जिसके दम पर वह उसे ब्लैकमेल कर पैसे मांग रही थी. 2 जनवरी को अभिजीत दिव्या को लेकर होटल पहुंचा और उससे फोटो को डिलीट करने को कहा, लेकिन दिव्या ने अपने फोन का पासवर्ड बताने से मना कर दिया. इसके बाद गुस्से से लाल अभिजीत ने दिव्या की गोली मारकर हत्या कर दी.

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
पुलिस ने इस मामले में हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खुलासा किया कि मंगलवार तड़के सुबह 4 बजकर 18 मिनट पर दिव्या पाहुजा अभिजीत और दो अन्य आरोपियों के साथ गुरुग्राम के सेक्टर 14 स्थित सिटी पॉइंट होटल पहुंची थी. पूरे दिन तीनों कमरे से बाहर नहीं निकले लेकिन 2 फरवरी की रात 10 बजकर 44 मिनट पर ओमप्रकाश और हेमराज एक कंबल में दिव्या की लाश को लपेटकर बाहर निकलते हैं. लाश को अभिजीत की BMW कार में रखकर दोनों युवक निकल जाते हैं. पुलिस अभी तक दिव्या की लाश का पता नहीं लगा पाई है.

'गाडोली के घरवालों ने लिया हत्या का बदला'
वहीं दिव्या के घरवालों ने उनकी बेटी की हत्या के पीछे गाडोली की हत्या को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि गाडोली की हत्या का बदला लेने के लिए उसके परिजनों ने उनकी बेटी की हत्या कराई है.

गैंगस्टर संदीप गाडोली की गर्लफ्रेंड थी दिव्या

बता दें कि संदीप गाडोली एक हाई प्रोफाइल गैंगस्टर था. 7 फरवरी 2016 में मुंबई के एक होटल में हुए फर्जी एनकाउंटर में गाडोली की हत्या कर दी गई थी. पाहुजा, उसकी मां और पांच पुलिस अधिकारियों को गैंगस्टर के इस कथित फर्जी एनकाउंटर के मामले में गिरफ्तार किया गया था. गुरुग्राम के बलदेव नगर के सेक्टर-7 में रहने वाली पाहुजा गाडोली की हत्या के मामले में लगभग सात साल हिरासत में बिताने के बाद जमानत पर बाहर आई थी.

मुंबई पुलिस ने बताया था कि गाडोली की गर्लफ्रेंड दिव्या पाहुजा की मदद लेकर ही पुलिस ने गाडोली को होटल में बुलाया था. पुलिस ने यह भी कहा थाकि वीरेंद्र कुमार उर्फ बिंदर गुज्जर, जिसकी गाडोली से दुश्मनी थी, एक गैंग चलाता था और उसने हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर गाडोली को खत्म करने की साजिश रची थी. दिव्या की हत्या को लेकर अब कई एंगल सामने आ रहे हैं, ऐसे में पुलिस हर एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.