menu-icon
India Daily

Mithun Chakraborty Birthday: पानी की टंकी के अंदर सोते थे मिथुन चक्रवर्ती, कुछ ऐसे तय किया बॉलीवुड के सुपरस्टार बनने तक का सफर

16 जून को मिथुन चक्रवर्ती अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. बॉलीवुड में कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल बन जाती हैं. मिथुन चक्रवर्ती की जिंदगी भी ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Mithun Chakraborty Birthday: पानी की टंकी के अंदर सोते थे मिथुन चक्रवर्ती, कुछ ऐसे तय किया बॉलीवुड के सुपरस्टार बनने तक का सफर
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: बॉलीवुड में कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल बन जाती हैं. मिथुन चक्रवर्ती की जिंदगी भी ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी है. कभी मुंबई की सड़कों पर ठिकाने की तलाश में भटकने वाले मिथुन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर फिल्म इंडस्ट्री में वह मुकाम हासिल किया, जहां पहुंचना लाखों कलाकारों का सपना होता है. आज, 16 जून को अपने 76वें जन्मदिन के अवसर पर उनका जीवन सफर एक बार फिर चर्चा में है.

कोलकाता में जन्मे मिथुन चक्रवर्ती का असली नाम गौरांग चक्रवर्ती है. अभिनय की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे फिल्मों में करियर बनाने मुंबई पहुंचे, लेकिन शुरुआती दिनों में उनके सामने आर्थिक तंगी और रहने की समस्या सबसे बड़ी चुनौती थी. कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों का पीछा करना नहीं छोड़ा.

जब रहने के लिए नहीं था कोई ठिकाना

मुंबई में संघर्ष के दिनों में मिथुन के पास न तो स्थायी घर था और न ही पर्याप्त पैसे. कई बार उन्होंने इमारतों की छतों पर बनी पानी की टंकियों के पास रात बिताई, ताकि सुरक्षा कर्मियों की नजर से बच सकें. इन मुश्किल हालातों में भी उन्होंने एक्टर बनने का सपना नहीं छोड़ा.

ये किस स्ट्रगलिंग एक्टर को उठा लाए...

80 के दशक में मिथुन को उस दौर के सुपर स्टार राजकुमार के साथ फिल्म गोलियों के बादशाह में काम करने का मौका मिला, हालांकि उसमें इनका छोटा सा रोल मिला था. भले ही मिथुन के लिए यह किसी सपने से कम नहीं होगा लेकिन राजमुकार का उस समय नए एक्टर्स के साथ रवैया कुछ सही नहीं था. शूटिंग के पहले ही दिन ही जब मिथुन शूटिंग के लिए तैयार हुए तो राजकुमार ने डायरेक्टर से कहा कि, 'माना कि रोल छोटा है, लेकिन इसके लिए आप किसी स्ट्रगलिंग एक्टर को क्यों ले आए। किसी अच्छे एक्टर को लेना था, ये किसे उठा लाए.'

राजकुमार के इन शब्दों ने मिथुन को अंदर तक तकलीफ पहुंचाई. फिर क्या था मिथुन राजकुमार के पास पहुंचे और कहा जिस स्ट्रगलिंग एक्टर की आप बात कर रहे हैं, वो मैं ही हूं.' वो बात मिथुन को इतनी चुभी उसके  बाद उन्होंने और मेहनत की और वो मुकाम पाया जो उन्हें चाहिए था.

एक झूठ जिसने बढ़ा दी थी मुश्किल

फिल्मी करियर के शुरुआती दौर में एक शूटिंग के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें कार चलानी आती है. मौका हाथ से निकलने के डर से उन्होंने हां कह दिया. शूटिंग के दौरान उन्होंने कार चलाई और नियंत्रण न रख पाए, जिस कारण एक दुर्घटना हो गई. इसमें उनके सह-कलाकार ऋषि कपूर घायल हो गए. हालांकि बाद में मिथुन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सबसे माफी मांगी. 

‘डिस्को डांसर’ ने बदल दी किस्मत

कई छोटे-बड़े किरदार निभाने के बाद मिथुन को फिल्म ‘डिस्को डांसर’ से जबरदस्त लोकप्रियता मिली. यह फिल्म देश ही नहीं, विदेशों में भी बेहद सफल रही और मिथुन को रातोंरात स्टार बना दिया. उनके डांस स्टाइल और अभिनय ने उन्हें अलग पहचान दिलाई.

आज भी कायम है लोकप्रियता

350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके मिथुन चक्रवर्ती आज भी मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं. दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित मिथुन की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती.