Munawar Faruqui On 370 Biryani Row: 370 रुपये वाली बिरयानी वाले विवाद ने कॉमेडी सर्किल में तूफान मचा रखा है. अब इस मुद्दे पर कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने साफ शब्दों में अपनी राय रखी है. मुनव्वर ने लोगों से अपील की है कि अब इस मामले पर ट्रोलिंग बंद कर दें. उन्होंने प्रणित मोरे का समर्थन करते हुए कहा कि काफी हो चुका है.
मुनव्वर फारूकी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने कहा- 'मुझे लगता है अब हमें थम जाना चाहिए. कॉमेडियन ने बहुत गलत बात कही, क्राउड वर्क में भी गलत बात हुई. उस लड़की ने जो कहा, उससे मैं भी सहमत नहीं हूं. मुझे वो सुनना पसंद नहीं आया, लेकिन एक लिमिट होती है.'
मुनव्वर ने आगे कहा कि जब किसी की लाश निकलेगी तब लोग समझेंगे. उनका इशारा था कि सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और नफरत अब बहुत ज्यादा बढ़ गई है.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब प्रणित मोरे के एक शो का वीडियो वायरल हो गया. शो के दौरान ऑडियंस इंटरैक्शन में 23 वर्षीय हिमांशु जंगड़ा ने एक लड़की के साथ अपनी डेट की कहानी शेयर की. उसने 370 रुपये की चिकन बिरयानी का जिक्र करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. उसने कहा कि इतना खर्च करने के बाद उसे 'रिटर्न' मिलना चाहिए.
यह बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और भारी आलोचना शुरू हो गई. हिमांशु जांगड़ा को बाद में माफी मांगनी पड़ी और उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स भी डिएक्टिवेट कर दिए. प्रणित मोरे ने भी इस घटना के लिए माफी मांगी थी. इसके बावजूद दोनों पर ट्रोलिंग जारी रही.
मुनव्वर फारूकी ने साफ कहा कि जो गलत हुआ, वह गलत ही है. लेकिन अब इसे और बढ़ाने की जरूरत नहीं है. उन्होंने दर्शकों और नेटिजन्स से अपील की कि कॉमेडी शो में होने वाली गलतियों को लेकर इतनी नफरत फैलाना ठीक नहीं है. मुनव्वर खुद कई विवादों का सामना कर चुके हैं, इसलिए उनका यह बयान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
उन्होंने कहा कि क्राउड वर्क मुश्किल होता है और कभी-कभी चीजें हाथ से निकल जाती हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्ति को पूरी तरह खत्म कर दिया जाए.
इस बयान के बाद कॉमेडी जगत में चर्चा तेज हो गई है. कई लोग मुनव्वर की बात से सहमत नजर आ रहे हैं, तो कुछ लोग अभी भी सख्त रुख अपनाए हुए हैं. प्रणित मोरे इस पूरे मामले में काफी परेशान रहे हैं. मुनव्वर का समर्थन उन्हें कुछ राहत दे सकता है.