मुंबई: ‘मिर्जापुर’ के फैंस का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, रवि किशन और श्रिया पिलगांवकर जैसे कलाकारों से सजी ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. ओटीटी की चर्चित सीरीज को बड़े पर्दे पर देखने को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह था. फिल्म रिलीज होने के साथ ही सोशल मीडिया पर शुरुआती प्रतिक्रियाएं भी आने लगी हैं. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श की प्रतिक्रिया ने फिल्म को लेकर माहौल और गर्म कर दिया है.
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ‘मिर्जापुर द मूवी’ को 4 स्टार देते हुए इसे ‘विनर’ बताया है. उन्होंने फिल्म को एक ‘पीक मास एंटरटेनर’ करार दिया है. उनके मुताबिक, फिल्म ने ‘मिर्जापुर’ की पहचान को बड़े पर्दे के हिसाब से और ज्यादा भव्य रूप में पेश किया है. सीरीज में नजर आने वाला देसीपन, रॉ एटीट्यूड और किरदारों का अंदाज फिल्म में भी बरकरार रखा गया है, लेकिन इस बार एक्शन और विजुअल स्केल काफी बड़ा नजर आता है.
फिल्म को लेकर सामने आए रिव्यू में एक खास बात यह कही गई है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ किसी वेब सीरीज के लंबे एपिसोड जैसी महसूस नहीं होती. बड़े पर्दे के हिसाब से कहानी को विस्तार दिया गया है और एक्शन, ड्रामा तथा सिनेमाई ट्रीटमेंट पर ज्यादा जोर नजर आता है. यानी सीरीज के फैंस को वही पुराना ‘मिर्जापुर’ वाला फ्लेवर मिलेगा, लेकिन बड़े कैनवास पर.
‘मिर्जापुर’ की पहचान उसके दमदार डायलॉग्स और किरदारों के बीच टकराव से भी रही है. शुरुआती रिव्यू में फिल्म के संवादों और कॉन्फ्लिक्ट वाले सीन्स की खास तारीफ की गई है. फिल्म में ड्रामा के साथ एक्शन, ह्यूमर और इमोशन को भी शामिल किया गया है. ऐसे कई संवाद और सीन होने का दावा किया जा रहा है, जो थिएटर से निकलने के बाद फैंस के बीच चर्चा का विषय बन सकते हैं.
हालांकि शुरुआती रिव्यू में फिल्म की कुछ कमियां भी बताई गई हैं. तरण आदर्श के मुताबिक, सेकंड हाफ की शुरुआत में फिल्म की रफ्तार थोड़ी कम होती है और दूसरा हिस्सा कुछ लंबा महसूस हो सकता है. उनका मानना है कि कुछ हिस्सों को थोड़ा और एडिट करके फिल्म को ज्यादा टाइट बनाया जा सकता था. लेकिन फिल्म का प्री-क्लाइमेक्स और क्लाइमेक्स इस कमी की काफी हद तक भरपाई कर देता है. जैसलमेर के रेत के टीलों के बीच फिल्माए गए कुछ हिस्से विजुअली भी प्रभावशाली बताए जा रहे हैं.