menu-icon
India Daily

‘जिन्होंने मदद नहीं की, वही अब बधाई दे रहे हैं’: ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर ने किसपर निकाली भड़ास?

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस सफलता ने फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के शो एक समय 350 से घटकर सिर्फ 25 रह गए थे. फिल्म के डायरेक्टर विशाल ने बताया कि दर्शकों के सपोर्ट से फिल्म की स्थिति बदली और शो फिर बढ़ने लगे.

babli
Edited By: Babli Rautela
‘जिन्होंने मदद नहीं की, वही अब बधाई दे रहे हैं’: ‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर ने किसपर निकाली भड़ास?
Courtesy: Social Media

फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करके सबको चौंका दिया है. रिलीज से पहले इस फिल्म को लेकर ज्यादा चर्चा नहीं थी, लेकिन सिनेमाघरों में आने के बाद दर्शकों के बीच इसे लगातार समर्थन मिला. फिल्म की इस सफलता के बीच इसके डायरेक्टर विशाल ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर बेबाक राय रखी है.

विशाल ने बताया कि एक समय ऐसा भी आया था, जब फिल्म के शो लगातार कम होते जा रहे थे और उन्हें लगने लगा था कि उनका यह प्रोजेक्ट शायद असफल हो गया है. लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया ने धीरे-धीरे फिल्म की तस्वीर बदल दी.

350 से घटकर सिर्फ 25 रह गए थे शो

7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ को शुरुआत में देशभर में 350 से ज्यादा शो मिले थे. हालांकि, दूसरी फिल्मों की रिलीज के कारण सिनेमाघरों में फिल्म की स्क्रीनिंग कम होती चली गई. ‘द रौनक पॉडकास्ट’ पर बातचीत में विशाल ने बताया कि उनकी फिल्म के शो एक समय 250 से घटकर महज 25 रह गए थे. उनके मुताबिक, बड़े मल्टीप्लेक्स में भी फिल्म को स्क्रीन देने को लेकर झिझक दिखाई जा रही थी.

शो की संख्या में इतनी बड़ी गिरावट से फिल्म के मेकर्स काफी निराश हो गए थे. विशाल को भी लगने लगा था कि जिस फिल्म को उन्होंने जुनून के साथ बनाया है, वह शायद दर्शकों तक पहुंच ही नहीं पाएगी.

एक सोशल मीडिया पोस्ट ने दी उम्मीद

विशाल ने बताया कि इसी मुश्किल दौर में उन्हें इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट दिखाई दी. उन्होंने आमतौर पर ऐसी पोस्ट को नजरअंदाज करने की बात कही, लेकिन उस समय उसमें लिखे संदेश ने उन्हें काफी प्रभावित किया. उस संदेश का भाव था कि इंसान अपना काम करता रहे और बाकी चीजों की चिंता न करे. विशाल के मुताबिक, इसने उन्हें फिल्म के लिए दोबारा कोशिश करने की प्रेरणा दी. इसके बाद उन्होंने केवल पारंपरिक प्रमोशन पर निर्भर रहने के बजाय खुद दर्शकों तक पहुंचने का फैसला किया.

टीम के साथ शहर-शहर पहुंचे विशाल

विशाल अपनी टीम के साथ अलग-अलग शहरों में गए और सीधे दर्शकों से मुलाकात की. आजादी दिवस से पहले शुक्रवार को वह फिल्म के लीड एक्टर शोबिनव सत्या और म्यूजिक कंपोजर ऋषि पाठक के साथ सूरत पहुंचे. सूरत में फिल्म का उस समय सिर्फ एक शो चल रहा था. विशाल के मुताबिक, जब थिएटर मालिकों ने दर्शकों की प्रतिक्रिया देखी तो उनका नजरिया बदल गया. दर्शक कलाकारों से मिलकर भावुक हो रहे थे और उन्हें गले लगा रहे थे. इसके बाद थिएटर मालिक ने अन्य सिनेमाघरों से संपर्क करना शुरू किया और फिल्म के शो बढ़ाए गए.