menu-icon
India Daily

मलयालम सिनेमा को बड़ा झटका, 71 साल की उम्र में एक्टर ईए राजेंद्रन का निधन

मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर और डायरेक्टर ईए राजेंद्रन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने फिल्मों और थिएटर दोनों में अपनी अलग पहचान बनाई थी.

babli
Edited By: Babli Rautela
मलयालम सिनेमा को बड़ा झटका, 71 साल की उम्र में एक्टर ईए राजेंद्रन का निधन
Courtesy: Social Media

मलयालम सिनेमा के जाने माने एक्टर और डायरेक्टर ईए राजेंद्रन का 26 मार्च 2026 को निधन हो गया है. उन्होंने कोल्लम के पट्टाथानम स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है. बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था.

जब उन्होंने दुनिया को अलविदा कहा तब उनकी उम्र 71 साल की थी. वह मूल रूप से त्रिशूर के रहने वाले थे और वहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनका अंतिम संस्कार त्रिशूर के त्रिथल्लूर में किया जाएगा, जहां परिवार और करीबी लोग उन्हें अंतिम विदाई देंगे.

कौन थे ईए राजेंद्रन?

ईए राजेंद्रन सिर्फ एक एक्टर ही नहीं बल्कि एक बेहतरीन डायरेक्टर और थिएटर आर्टिस्ट भी थे. उन्होंने अपने करियर में फिल्मों के साथ साथ टीवी और नाटकों में भी अहम योगदान दिया. उन्होंने दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा और पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से अभिनय की पढ़ाई की थी. यह उनकी कला के प्रति समर्पण को दिखाता है.

राजेंद्रन का करियर थिएटर से शुरू हुआ था. वह कोल्लम के कालिदास कलाकेंद्रम से जुड़े थे, जहां उन्होंने कई नाटकों को डायरेक्ट भी किया है. उन्हें 1987 में बेस्ट नाटक के लिए राज्य सरकार का पुरस्कार भी मिला था.  फिल्मों में उन्होंने 1981 में ग्रीष्मम से डेब्यू किया.इसके बाद उन्होंने अपने अभिनय से धीरे धीरे पहचान बनाई और दर्शकों के बीच लोकप्रिय होते गए.

फिल्मों में बनाई दमदार पहचान

लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद उन्होंने कलियाट्टम से वापसी की, जिसे निर्देशक जयराज ने बनाया था. इसके बाद उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में काम किया. उनकी प्रमुख फिल्मों में प्रणयवर्णंगल, पट्टाभिषेकम और दया शामिल हैं. उन्होंने लगभग 60 फिल्मों में काम किया और खलनायक से लेकर चरित्र अभिनेता तक हर एक्टर को शानदार तरीके से निभाया. ईए राजेंद्रन का संबंध एक प्रतिष्ठित परिवार से भी था. वह एक्टर और विधायक मुकेश के जीजा थे. उनके परिवार में कई लोग कला और सिनेमा से जुड़े रहे हैं, जिसने उनके करियर को भी एक मजबूत आधार दिया.