लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नवविवाहिता शादी के महज नौ दिन बाद ही अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई. जानकारी के अनुसार 11 मार्च को मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव में युवती की शादी हुई थी. शादी के बाद वह अपने मायके में ही रह रही थी. 20 मार्च को पति पहली बार उसे विदा कराकर अपने घर लाया था. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह रिश्ता कुछ ही घंटों में इस तरह टूट जाएगा.
दोपहर में पति अपनी पत्नी को घर छोड़कर किसी काम से रिश्तेदार के यहां चला गया. जब वह शाम को वापस लौटा तो घर में पत्नी नहीं मिली. पहले तो उसने सोचा कि शायद वह आसपास गई होगी, लेकिन जब काफी देर तक कोई पता नहीं चला तो चिंता बढ़ गई. घर की तलाशी लेने पर पता चला कि जेवर और कपड़े भी गायब हैं. इसके बाद पति ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पति ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की तो एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. ग्रामीणों ने बताया कि युवती को एक युवक के साथ बाइक पर जाते हुए देखा गया था. यह सुनकर मामला साफ हो गया कि युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई है. पुलिस ने युवती के मोबाइल पर संपर्क किया. बातचीत में युवती ने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ हरियाणा पहुंच चुकी है और वापस लौट रही है. कुछ समय बाद वह अपने प्रेमी के साथ मोहनलालगंज के हरिकंशगढ़ी चौकी पहुंच गई. चौकी में उसने साफ कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताना चाहती है.
जांच में सामने आया कि युवती का प्रेमी पहले से शादीशुदा है और दूसरे समुदाय से संबंध रखता है. यह जानकारी सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया. पुलिस अधिकारी के अनुसार दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ आए हैं. फिलहाल दोनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं.
युवती ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है. वहीं सूचना मिलते ही पति और गांव के लोग भी चौकी पहुंच गए. दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई लेकिन युवती अपने फैसले पर अड़ी रही. पुलिस अब इस मामले में सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.