नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो 'Lock Upp 2: सच या सज़ा' का सफर 5 अगस्त 2026 को ग्रैंड फिनाले के साथ खत्म हो गया. पूरे सीजन में लगातार सुर्खियां बटोरने वाले इस शो की विजेता श्रेया कालरा बनीं, जिन्होंने फाइनल में शिवांगी जोशी और योगेश रावत को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की. शो की सफलता का जश्न मनाने के लिए निर्देशक और कोरियोग्राफर फराह खान ने एक शानदार सक्सेस पार्टी का आयोजन किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
ग्रैंड फिनाले के कुछ ही घंटे बाद फराह खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पार्टी का एक बिहाइंड द सीन्स (BTS) वीडियो साझा किया. वीडियो में टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे एक साथ जश्न मनाते नजर आए. वीडियो शेयर करते हुए फराह खान ने कैप्शन लिखा, "एक ज़बरदस्त सीज़न के लिए ज़बरदस्त सक्सेस पार्टी!! LockUpp." इसके बाद फैंस ने वीडियो पर जमकर प्यार बरसाया और शो की पूरी टीम को बधाई दी.
इस सक्सेस पार्टी में बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर, जेनेलिया देशमुख, महीप कपूर, हर्षद चोपड़ा, सुनीता आहूजा, अपूर्वा मुखिजा, माधुरी जैन, पामेला सेरेना, वरुण यादव, आकांक्षा चमोला समेत कई चर्चित चेहरे शामिल हुए. शो के कंटेस्टेंट धीरज धूपर अपनी पत्नी विनी अरोड़ा के साथ पार्टी में पहुंचे. वहीं विजेता श्रेया कालरा भी अपने बॉयफ्रेंड ऋषभ जायसवाल के साथ जश्न मनाती नजर आईं.
जहां पार्टी में कई सितारों ने शिरकत की, वहीं कुछ चर्चित कंटेस्टेंट्स की गैरमौजूदगी ने सोशल मीडिया पर सवाल खड़े कर दिए. फैंस ने नोटिस किया कि शिल्पा शिंदे, योगेश रावत, सूफी मोतीवाला और आकांक्षा चौधरी पार्टी के वीडियो में नजर नहीं आए. इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लगातार कमेंट कर पूछा कि आखिर ये सभी सितारे पार्टी में क्यों नहीं पहुंचे. एक यूजर ने लिखा, "शिल्पा शिंदे मैम कहां हैं?" वहीं दूसरे ने लिखा, "TRP King योगेश रावत और TRP Queen आकांक्षा चौधरी कहां हैं?" कई फैंस ने इन्हें शो के "मेन कैरेक्टर्स" बताते हुए उनकी गैरमौजूदगी पर हैरानी जताई.
'Lock Upp 2' के ग्रैंड फिनाले में श्रेया कालरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की. उन्हें विजेता बनने पर 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई. इस सीजन के टॉप 5 फाइनलिस्ट में श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, योगेश रावत, शिल्पा शिंदे और राम कपूर शामिल थे.
फिनाले एपिसोड में सबसे पहले मीडिया राउंड आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों और सेलिब्रिटीज ने फाइनलिस्ट से कई तीखे सवाल पूछे. इसके बाद तीन अलग अलग टास्क हुए, जिनके आधार पर विजेता का फैसला किया गया. पहले फिजिकल टास्क के बाद राम कपूर एलिमिनेट हो गए. इसके बाद ब्लफ मास्टर राउंड में शिल्पा शिंदे भी प्रतियोगिता से बाहर हो गईं. आखिर में श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी और योगेश रावत को मात देकर 'Lock Upp 2' की ट्रॉफी जीत ली.