menu-icon
India Daily

आखिर क्यों 'टॉक्सिक' के लिए कियारा आडवाणी ने कहा हां? एक्ट्रेस ने यश के साथ फिल्म को बताया सबसे मुश्किल

यश के साथ फिल्म 'टॉक्सिक' में नजर आने वाली कियारा आडवाणी ने बताया है कि उन्होंने अपने करियर की सबसे बोल्ड और चुनौतीपूर्ण फिल्म के लिए हां क्यों कहा. एक्ट्रेस ने अपने किरदार और अभिनय को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं.

babli
Edited By: Babli Rautela
आखिर क्यों 'टॉक्सिक' के लिए कियारा आडवाणी ने कहा हां? एक्ट्रेस ने यश के साथ फिल्म को बताया सबसे मुश्किल
Courtesy: Social Media

बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी इन दिनों सुपरस्टार यश के साथ अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में फिल्म से जुड़े नए प्रमोशनल मटेरियल ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. इस बीच कियारा ने खुलासा किया है कि आखिर उन्होंने अपने करियर की सबसे बोल्ड और चुनौतीपूर्ण मानी जा रही इस फिल्म को करने का फैसला क्यों लिया.

फेमिना को दिए एक इंटरव्यू में कियारा आडवाणी ने बताया कि फिल्म की कहानी सुनते ही उन्हें महसूस हुआ कि यह किरदार एक एक्टर के रूप में उनके लिए बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण है.

क्यों चुनी कियारा आडवाणी ने 'टॉक्सिक'?

मीडिया के साथ अपनी बातचीत में उन्होंने कहा, "जब मैंने कहानी सुनी, तो मैं इस बात से बहुत प्रभावित हुई कि यह किरदार कितनी अच्छी तरह से लिखा गया था. इसमें वह सब कुछ था जिसकी एक एक्टर को तलाश होती है. मुझे लगा कि मैं अपने करियर के उस मुकाम पर पहुंच चुकी हूं, जहां मैं इस तरह का किरदार निभाने का आत्मविश्वास रखती हूं." हालांकि, फिल्म में उनके किरदार के बारे में अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है.

इंटरव्यू के दौरान कियारा ने महिला किरदारों को लेकर अपनी सोच भी साझा की. उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्मों में महिलाओं को एक तय दायरे या स्टीरियोटाइप में दिखाना पसंद नहीं है. कियारा के मुताबिक, "महिलाएं सिर्फ एक तरह की नहीं होतीं. इसलिए उनके किरदार भी मजबूत, वास्तविक और कई परतों वाले होने चाहिए." उनके इस बयान से माना जा रहा है कि 'टॉक्सिक' में उनका किरदार भी पारंपरिक भूमिकाओं से अलग देखने को मिलेगा.

'टॉक्सिक' रहा अब तक का सबसे मुश्किल रोल

पिछले साल अपने फर्स्ट लुक पोस्टर को साझा करते हुए कियारा ने बताया था कि यह फिल्म उनके करियर की सबसे कठिन परियोजनाओं में से एक रही है. उन्होंने लिखा था कि इस किरदार ने उनसे शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से बहुत कुछ मांगा और इस पूरी प्रक्रिया ने उन्हें एक कलाकार के तौर पर बदल दिया.

'टॉक्सिक' का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म की कहानी यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है. फिल्म की शूटिंग अंग्रेजी और कन्नड़ में एक साथ की गई है. इसके अलावा इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम समेत कई भाषाओं में डब कर रिलीज किया जाएगा.

दमदार स्टारकास्ट से सजी है 'टॉक्सिक'

फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और यश ने किया है. फिल्म में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी.