Kannada Actor Ajay Rao: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता अजय राव इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. खबरों के मुताबिक उनकी पत्नी सपना ने उनके खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है. यह शिकायत मजिस्ट्रेट कोर्ट में घरेलू हिंसा अधिनियम की धारा 12 के तहत दायर की गई है. इस खबर ने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है, क्योंकि अजय और सपना की जोड़ी को कन्नड़ सिनेमा की खुशहाल जोड़ियों में से एक माना जाता था.
अजय और सपना ने साल 2014 में होसपेट में एक साधारण समारोह में शादी की थी. दोनों की प्रेम कहानी कई सालों तक चली थी, जिसके बाद उन्होंने शादी का फैसला लिया. इस दंपति को एक बेटी भी है, जिसका नाम चरिश्मा है. पिछले साल 2024 में इस जोड़े ने बेंगलुरु के येलहंका के पास अपने नए घर में गृहप्रवेश समारोह आयोजित किया था. इस मौके पर कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल हुए थे. लेकिन अब इस समारोह के कुछ महीनों बाद ही उनके रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आ रही हैं.
कन्नड़ अभिनेता अजय राव की 11 साल की शादी में आई खटास!
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अजय और सपना के बीच रिश्तों में खटास तब बढ़ी जब अजय ने अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण में कदम रखा. उनकी हालिया फिल्म 'युद्धकांड' में उन्होंने बतौर निर्माता और अभिनेता काम किया था. हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा सफल नहीं रही.
पत्नी सपना ने दर्ज कराई घरेलू हिंसा की शिकायत
बताया जा रहा है कि इस फिल्म में अजय ने करीब 4-5 करोड़ रुपये का निवेश किया था और इसे बनाने के लिए अपनी लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार तक बेच दी थी. इस आर्थिक नुकसान ने उनके वैवाहिक जीवन पर गहरा असर डाला. हालांकि अजय और सपना ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. उनके प्रशंसक यह जानने को बेचैन हैं कि इस जोड़े का रिश्ता इस मोड़ पर क्यों पहुंचा.