एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता को हरियाणा सरकार ने टैक्स फ्री घोषित कर दिया है. यह घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान की. मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने के बाद कहा कि यह केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं है, बल्कि समाज को प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है. उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना चाहिए क्योंकि ये लोगों को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का एहसास कराती हैं.
फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह एक प्रेरणादायक फिल्म है और हर व्यक्ति को इसे देखना चाहिए. उनके अनुसार फिल्म साहस, मानवता, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को मजबूती से प्रस्तुत करती है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से राज्य सरकार ने इसे हरियाणा में टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया है, जिससे अधिक लोग इस फिल्म को देख सकें.
#WATCH | Chandigarh: After watching the film 'Bharat Bhagya Vidhata', Haryana CM Nayab Singh Saini says, "I have said that such motivational films which inspire us should be watched by all of us. We will declare this 'tax-free' in Haryana because this inspires us and makes us… https://t.co/t7WWlveQJN pic.twitter.com/XN9TCnvKBC
— ANI (@ANI) June 13, 2026
इससे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी फिल्म की प्रशंसा की थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कंगना रनौत के अभिनय को प्रभावशाली बताया. रेखा गुप्ता ने कहा कि फिल्म समाज में सेवा, संवेदनशीलता और कर्तव्य जैसे मूल्यों को मजबूत करने का काम करती है. उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं भी दीं.
फिल्म की कहानी 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है. कहानी में उन नर्सों की बहादुरी और समर्पण को दिखाया गया है जिन्होंने संकट की घड़ी में कामा अस्पताल के अंदर मौजूद 400 से अधिक मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. फिल्म का निर्देशन और लेखन मनोज तापड़िया ने किया है. कहानी में मानवता, साहस और कर्तव्य भावना को प्रमुखता से दिखाया गया है.
फिल्म में कंगना रनौत के अलावा कई प्रतिभाशाली कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. इनमें गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थत्ते, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान शामिल हैं. फिल्म के कलाकारों की परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है.