मुंबई: बॉलीवुड में हाल ही में एक गाना खूब सुर्खियों में रहा है, जो विवादों में घिर गया. यह गाना है 'सरके चुनर तेरी सरके', जो कन्नड़ पैन-इंडिया फिल्म 'KD: The Devil' से है. इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए हैं. गाने की बोल्ड डांस मूव्स और कुछ अश्लील लगने वाली लिरिक्स की वजह से सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा. लोगों ने इसे अश्लील बताया.
गाने के रिलीज होते ही वायरल हो गया था एक खास हुक स्टेप, जहां नोरा घाघरा-चोली में परफॉर्म करती हुईं पल्लू को गिराती और उठाती दिखीं. डांस बार के बैकग्राउंड में कई बैकअप डांसर्स के साथ मर्दों की भीड़ के बीच यह सीन काफी चर्चा में रहा. लेकिन जल्द ही आलोचना शुरू हो गई. कई लोगों ने कहा कि यह फैमिली के साथ देखने लायक नहीं है और समाज व संस्कृति पर बुरा असर डाल रहा है.
#WATCH | Delhi: On the controversy over the actress Nora Fatehi's song, BJP MP Kangana Ranaut says, "Bollywood has crossed all limits with vulgarity, tactics, and attention-seeking. The entire country is condemning and reprimanding them. But I don't think they have any… pic.twitter.com/o4cyShzoEY
— ANI (@ANI) March 17, 2026
विवाद इतना बढ़ गया कि गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक NHRC और कुछ कानूनी शिकायतों के बाद मेकर्स ने वीडियो प्राइवेट कर दिया. CBFC और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी शिकायतें पहुंचीं. गाने के बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और म्यूजिक अर्जुन जन्या ने दिया है. इसी बीच अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी.
मंगलवार को संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा- 'बॉलीवुड ने हर हद पार कर दी है. अश्लीलता, सस्ते PR टैक्टिक्स और अटेंशन-सीकिंग के चक्कर में वे कुछ भी कर रहे हैं. पूरा देश उन्हें फटकार रहा है, लेकिन उन्हें कोई शर्म नहीं आ रही.' कंगना ने आगे कहा कि ऐसे गाने बचपन से सुनते आए हैं, लेकिन अब यह हद से ज्यादा हो गया है. बीच-बीच में प्रतिबंध लगते रहे हैं, लेकिन अब और सख्ती की जरूरत है.
उन्होंने जोर दिया कि इस तरह की अश्लीलता से सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है. 'परिवार के साथ टीवी देखना मुश्किल हो गया है. इसलिए बॉलीवुड पर लगाम लगानी पड़ेगी.' यह विवाद बॉलीवुड में बढ़ती अश्लीलता पर बहस को फिर से तेज कर रहा है. एक तरफ जहां कुछ लोग इसे सिर्फ एंटरटेनमेंट मानते हैं, वहीं दूसरी तरफ कई इसे समाज के लिए हानिकारक बता रहे हैं. गाने के मेकर्स की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.