menu-icon
India Daily

बॉलीवुड में नया ट्विस्ट! सुकेश चंद्रशेखर के मनी लॉन्ड्रिंग केस में अप्रूवर बनेंगी जैकलीन फर्नांडिस?

जैकलीन फर्नांडिस ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने दिल्ली की एक अदालत में अप्रूवर (सरकारी गवाह) बनने की इच्छा जताई है. शुक्रवार को स्पेशल जज प्रशांत शर्मा की अदालत ने इस याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जवाब मांगा है. 

antima
Edited By: Antima Pal
बॉलीवुड में नया ट्विस्ट! सुकेश चंद्रशेखर के मनी लॉन्ड्रिंग केस में अप्रूवर बनेंगी जैकलीन फर्नांडिस?
Courtesy: x

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा फैसला लिया है. उन्होंने दिल्ली की एक अदालत में अप्रूवर (सरकारी गवाह) बनने की इच्छा जताई है. शुक्रवार को स्पेशल जज प्रशांत शर्मा की अदालत ने इस याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जवाब मांगा है. 

मामला अब 20 अप्रैल को फिर सुनवाई के लिए रखा गया है. जैकलीन के वकील ने कोर्ट में बताया कि अभिनेत्री इस केस में पूरी तरह सहयोग करना चाहती हैं और सरकार की गवाह बनकर सच उजागर करने को तैयार हैं. अदालत ने उन्हें सलाह दी कि सबसे पहले वे औपचारिक रूप से ED के पास अपना आवेदन दें. उसके बाद ED उनकी स्टेटमेंट दर्ज करेगी और फिर कोर्ट के सामने अप्रूवर बनाने का प्रस्ताव रखेगी.

सुकेश चंद्रशेखर फिलहाल कई मामलों में जेल में बंद है. उसने बार-बार दावा किया है कि जैकलीन से उसकी अच्छी दोस्ती थी और दोनों रिलेशनशिप में थे. जेल से उसने जैकलीन को कई चिट्ठियां भी लिखीं. कुछ लीक हुई तस्वीरों में दोनों साथ नजर आए, लेकिन जैकलीन ने हमेशा कोर्ट में कहा कि सुकेश ने उन्हें धोखा दिया. वे उसे एक सच्चा बिजनेसमैन समझती थीं और उसके असली चरित्र के बारे में कुछ नहीं पता था.

ईडी ने अगस्त 2022 में अपनी चार्जशीट में जैकलीन को सह-आरोपी बनाया था. एजेंसी का आरोप है कि सुकेश ने ठगी के पैसे से जैकलीन को महंगे गिफ्ट्स दिए थे. पिछले साल सितंबर में सुप्रीम कोर्ट ने भी जैकलीन की याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें उन्होंने ED के केस को रद्द करने की मांग की थी. दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर उनकी अपील पर सुनवाई नहीं हुई. अब इस नई डेवलपमेंट से बॉलीवुड में चर्चा तेज हो गई है.

जैकलीन लगातार कहती रहीं कि वे निर्दोष हैं और सुकेश की गतिविधियों से अनजान थीं. अगर ED उन्हें अप्रूवर बना लेती है तो वे केस में अहम गवाह बन सकती हैं, जिससे सुकेश पर और दबाव बढ़ सकता है. यह पूरा मामला 200 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़ा है, जिसमें सुकेश ने तिहाड़ जेल में बंद रहते हुए कई लोगों को धोखा दिया था. फिलहाल कोर्ट ED के जवाब का इंतजार कर रही है.