मुंबई: भुवन बाम ने अपने करियर की शुरुआत एक कंटेंट क्रिएटर के रूप में की थी और आज वह एक बड़े मुकाम पर पहुंच चुके हैं. अपने वीडियो और अलग अंदाज की कॉमेडी से उन्होंने लाखों लोगों का दिल जीता. इसके बाद उन्होंने वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा और अपनी एक्टिंग से भी दर्शकों को प्रभावित किया. अब वह अपने करियर का सबसे बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं और बॉलीवुड में डेब्यू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
भुवन बाम की पहली फिल्म कुकू की कुंडली होगी. इस फिल्म में उनके साथ वामिका गब्बी नजर आएंगी. फिल्म का निर्देशन शरण शर्मा कर रहे हैं और इसे करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म की घोषणा के बाद से ही फैंस में उत्साह बना हुआ है. यह फिल्म भुवन के लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं बल्कि एक बड़ा सपना है जो अब सच हो रहा है.
भुवन बाम ने खुद इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह एक दिन रोमांटिक हीरो बनेंगे. उनका कहना है कि यह अनुभव उनके लिए बिल्कुल नया है. उन्होंने बताया कि जब वह इस फिल्म में काम कर रहे थे तो उन्हें एहसास हुआ कि इंडस्ट्री के बारे में जो बातें बाहर से दिखती हैं, असल में अंदर से वैसी नहीं होतीं. हर कोई मेहनत कर रहा होता है ताकि एक अच्छी फिल्म बनाई जा सके.
भुवन ने बताया कि वह खुद को 70 एमएम की बड़ी स्क्रीन पर देखने के लिए काफी उत्साहित हैं. हालांकि उनके मन में थोड़ी घबराहट भी है क्योंकि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा मौका है. उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए खास है क्योंकि उन्होंने अपने घर में बैठकर जो सपना देखा था, अब वह धीरे धीरे सच हो रहा है.
कुकू की कुंडली में काम करते हुए भुवन को बॉलीवुड के काम करने का तरीका करीब से समझने का मौका मिला. खासकर गाने और डांस वाले सीक्वेंस उनके लिए बिल्कुल नए थे. उन्होंने कहा कि अगर वह खुद अपने लिए कहानी लिखते तो शायद कभी खुद को इस तरह के किरदार में नहीं सोचते. लेकिन इस अनुभव ने उन्हें अपनी नई क्षमताओं को पहचानने का मौका दिया.
फिल्म के अलावा भुवन जल्द ही द रिवोल्यूशनरीज़ नाम की वेब सीरीज में भी नजर आएंगे. इस सीरीज का निर्देशन निखिल आडवाणी कर रहे हैं. इसमें उनके साथ रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा भी अहम किरदारों में होंगे.