Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai: डेविड धवन की नई कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर इस फिल्म को लेकर काफी चर्चा है. ट्रेलर और गानों ने अच्छा बज़ क्रिएट किया है, लेकिन रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड CBFC ने फिल्म में कुछ बदलाव करने को कहा है.
रिपोर्ट के अनुसार सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन की एग्जामिनिंग कमिटी ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट देते हुए कई सुझाव दिए. कमिटी ने एक शब्द को चार जगहों पर बदलने को कहा. साथ ही एक वल्गर हैंड जेस्चर को भी बदलने की सलाह दी गई. एक सीन में कंडोम पैकेट पर ब्रांड का नाम ब्लर करने को कहा गया, जबकि फ्लेवर्स से जुड़े शब्द को म्यूट कर दिया गया.
जोस बटलर और बेन स्टोक्स जैसे क्रिकेटर्स के नाम वाले सीन को भी छोटा करके सिर्फ 6 सेकंड का कर दिया गया. एक डांस सीन में महिलाओं के अंडरगारमेंट्स दिख रहे थे, इसलिए बोर्ड ने निर्देश दिया कि कैमरा उनके चेहरे और ऊपरी हिस्से पर ज़ूम इन किया जाए. सभी बदलाव करने के बाद 27 मई को फिल्म को सर्टिफिकेट मिल गया.
फिल्म की कुल लंबाई 136.40 मिनट यानी 2 घंटे 16 मिनट 40 सेकंड है. फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी काफी ड्रामा हुआ. पहले इसे 5 जून 2026 को रिलीज करने की योजना थी. बाद में यश की फिल्म 'टॉक्सिक' से टकराव से बचने के लिए इसे 22 मई को आगे ला दिया गया था. लेकिन जब टॉक्सिक की रिलीज टल गई, तो मेकर्स ने अपनी फिल्म को फिर से ओरिजिनल डेट 5 जून 2026 पर शिफ्ट कर दिया.
डेविड धवन की डायरेक्शन और वरुण धवन की एनर्जी को देखते हुए यह फिल्म पूरे परिवार के साथ मजेदार मनोरंजन देने वाली कॉमेडी बनकर आई है. वरुण धवन लंबे समय बाद पिता डेविड धवन के साथ काम कर रहे हैं, जो फैंस के लिए खास है. मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े के साथ केमिस्ट्री भी फिल्म की खास आकर्षण है. क्या यह फिल्म सेंसर के बदलावों के बाद भी अपना पूरा मजा बरकरार रख पाएगी? 5 जून को रिलीज के बाद ही पता चलेगा.