मुंबई: धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने रिलीज के महज 6 दिनों में ऐसी कमाई कर ली है, जो बड़ी बड़ी फिल्मों के लिए सपना होती है. फिल्म ने छठे दिन यानी मंगलवार को भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 56.55 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है. हफ्ते के दिनों में भी इतनी मजबूत पकड़ यह दिखाती है कि दर्शकों का क्रेज अभी कम होने वाला नहीं है.
फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन अब 575.67 करोड़ तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 687.43 करोड़ हो गया है. वहीं विदेशों में भी फिल्म ने जबरदस्त कमाई करते हुए 231.57 करोड़ जुटाए हैं. इस तरह धुरंधर 2 का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन सिर्फ 6 दिनों में 919 करोड़ तक पहुंच गया है. यह आंकड़ा इस बात का सबूत है कि फिल्म सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में पसंद की जा रही है.
फिल्म ने पहले दिन 102.55 करोड़ की धमाकेदार ओपनिंग की थी. इसके बाद शुक्रवार को 80.72 करोड़ की कमाई हुई. वीकेंड पर तो फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ दिए. शनिवार को 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ का कलेक्शन हुआ. सोमवार को भी फिल्म ने 65 करोड़ कमाए और मंगलवार को 56.55 करोड़ के साथ अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी.
धुरंधर 2 की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने बेहद कम समय में कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. इस फिल्म ने पठान, गदर 2 और एनिमल जैसी सुपरहिट फिल्मों को पछाड़ दिया है. अब यह फिल्म हिंदी सिनेमा की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है.
फिल्म की नजर अब और बड़े रिकॉर्ड्स पर है. ट्रेड एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि अगर यही रफ्तार बनी रही, तो यह जल्द ही स्त्री 2, छावा और जवान जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ सकती है. इतना ही नहीं, यह अपनी पिछली फिल्म धुरंधर के लाइफटाइम कलेक्शन को भी आसानी से पार करती नजर आ रही है.